
उत्तर प्रदेश की पुलिस अतीक गैंग के जिस शूटर को पिछले 3 साल से ढूंढ रही थी, वह बिहार की गया सेंट्रल जेल में बंद मिला। उमेश पाल हत्याकांड में शामिल रहे इस शूटर अरमान पर पुलिस ने 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। अरमान मूलरूप से गयाजी का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद वह बचने के लिए गयाजी भाग गया था। अरमान पर गया में भी एक दुकानदार पर फायरिंग करने का केस दर्ज था। इसी मामले में उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद अरमान को गया सेंट्रल जेल भेजा गया था।
सूचना मिलते ही यूपी पुलिस गयाजी पहुंची और अरमान की पहचान की। उसे अपने साथ लाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की है। जल्द ही पुलिस अरमान को प्रयागराज लाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस पिछले 3 साल से अरमान की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को उसके गयाजी के जेल में बंद होने की सूचना मिली। इस सूचना के बाद प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस 30 सितंबर को गया सेंट्रल जेल पहुंची। जेल में अरमान की ताजा तस्वीर खींचीं। सादे कागज पर उसके अंगूठे के निशान लिए। उत्तर प्रदेश पुलिस कागजी कार्रवाई पूरी कर लौट आई।
पूरी तरह पुख्ता करने के बाद एक अक्टूबर को पुलिस ने गया कोर्ट में अर्जी दाखिल कर अरमान की ट्रांजिट रिमांड की मांग की। हालांकि, अभी कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड की अर्जी पर सुनवाई नहीं हुई है। 24 फरवरी, 2023 को प्रयागराज में दिनदहाड़े उमेश पाल और उनके 2 सरकारी गनर को गोलियों से भून दिया गया था। उस वक्त सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक सवार साफ दिख रहा था। वह बाइक अतीक अहमद गैंग का शूटर अरमान चला रहा था, जबकि पीछे गुड्डू मुस्लिम बैठा था। अरमान ही गुड्डू मुस्लिम को बाइक पर बैठाकर घटनास्थल पर लाया था। बाइक रोकते ही गुड्डू मुस्लिम ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस दौरान अरमान ने भी गोलियां चलाई थीं। हत्या करने के बाद अरमान अपने साथी गुड्डू मुस्लिम के साथ भाग गया था।



