IndiaUttar Pradesh

​मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-डंपर की टक्कर में 4 की मौत, मौसा का बर्थडे मनाकर लौट रहा था परिवार

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. हादसा पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर हुआ. यहां स्कॉर्पियो कार और डंपर के बीच आमनेसामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई.

​मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-डंपर की टक्कर में 4 की मौत, मौसा का बर्थडे मनाकर लौट रहा था परिवार

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की हरी वृंदावन कॉलोनी निवासी आदेश गोयल अपने परिवार के साथ लक्सर गए थे. परिवार वहां अपने मौसा राधेश्याम के 75वें जन्मदिन समारोह में शामिल हुआ था. कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से मुजफ्फरनगर स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर मार्ग पर उनकी कार सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई.

हादसे में 50 वर्षीय आदेश, 35 वर्षीय निशा, 11 वर्षीय गोनी और 48 वर्षीय राखी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी.

कार में फंसे घायलों को पुलिस ने निकाला

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. दुर्घटना में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ लोग कार के अंदर फंस गए थे. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद तीन घायलों को अस्पताल लाया गया था. इनमें कुसुम गोयल, रूबी गोयल और एक छोटी बच्ची शामिल है. रूबी गोयल मृतक आदेश गोयल की पत्नी हैं. उनकी और कुसुम गोयल की हालत गंभीर बताई गई, जिसके चलते डॉक्टरों ने दोनों को मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया.

गंभीर घायलों को मेरठ रेफर किया गया

एडीएम ने बताया कि घायल बच्ची को भी बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने की तैयारी की गई. अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल लोगों का उपचार प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है. वहीं, चारों मृतकों के शव स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में रखे गए हैं.

डंपर चालक गिरफ्तार

हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने मौके से उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है. एडीएम देश दीपक सिंह ने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों के बारे में मौके पर मौजूद लोगों और जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आ सकेगी.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की सूचना परिवार के अन्य सदस्यों को दी गई, जिसके बाद अस्पताल और घटनास्थल पर परिजनों की भीड़ जुट गई. जन्मदिन समारोह से लौट रहे परिवार के लिए यह खुशी का सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया.

रिपोर्ट रवींद्र सिंह

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply