
बेंगलुरु में जिम की सालगिरह का जश्न खत्म होने के बाद एक 25 वर्षीय जिम ट्रेनर की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्टी के बाद हुए विवाद में उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पार्टी के बाद हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, जिम की पहली सालगिरह के मौके पर शनिवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया था। नंदन भी इस जश्न में शामिल हुआ था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह अपने परिचित अनुष के अपार्टमेंट पहुंचा। वहां उसकी तीन अन्य जिम ट्रेनरों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर नंदन के साथ मारपीट की गई। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
शरीर पर मिले चोट के निशान
घटना की जानकारी मिलने के बाद नंदन की मां अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विवाद के दौरान नंदन पर जानलेवा हमला किया गया था।
चार लोगों पर हत्या का केस
मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस ने सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की नंदन से पहले से पहचान थी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी और हमला किन परिस्थितियों में हुआ।



