
अगर आपके आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज हो गया है या आप किसी वजह से अपना नाम बदलना चाहते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए जरूरी है। UIDAI ने नाम अपडेट करने की प्रक्रिया से जुड़े नए नियम जारी किए हैं। अब नाम में किए जाने वाले बदलाव को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है और उसी के अनुसार दस्तावेज मांगे जाएंगे।
छोटी स्पेलिंग की गलती ठीक कराने से लेकर शादी, तलाक या पूरा नाम बदलने तक के लिए अलग-अलग प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
छोटी गलती के लिए पहचान प्रमाण जरूरी
अगर आधार में दर्ज व्यक्ति का नाम मूल रूप से वही है और केवल मामूली सुधार करना है, तो इसे Minor Name Change की श्रेणी में रखा जाएगा।
इसमें नाम के शुरुआती अक्षरों को पूरा करना, मिडिल नेम या सरनेम जोड़ना अथवा हटाना, नाम का क्रम बदलना और ऐसी स्पेलिंग ठीक करना शामिल है, जिसमें नाम का उच्चारण लगभग समान रहता है।
ऐसे बदलाव के लिए Proof of Identity यानी पहचान प्रमाण देना होगा। 18 साल से कम उम्र के बच्चों के मामले में, जहां नाम अपडेट परिवार के मुखिया के आधार पर किया जा रहा है, वहां संबंध प्रमाण भी मांगा जा सकता है।
ऑपरेटर की गलती हुई तो अलग प्रक्रिया
अगर आधार बनाते समय डेटा एंट्री ऑपरेटर से नाम दर्ज करने में गलती हुई है, तो इसके लिए अलग नियम लागू होंगे।
18 साल से अधिक उम्र के व्यक्ति को निर्धारित एफिडेविट के साथ पहचान या संबंध प्रमाण देना होगा। नाबालिग के मामले में माता-पिता या अभिभावक को संबंधित एफिडेविट के साथ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।
शादी या तलाक के बाद नाम बदलने पर
शादी या तलाक के बाद सरनेम या नाम में बदलाव कराने के लिए भी अलग दस्तावेजों की जरूरत होगी। ऐसे मामलों में निर्धारित एफिडेविट और पहचान प्रमाण देना होगा।
एफिडेविट में नाम बदलने का कारण स्पष्ट करना होगा और यह बताना होगा कि नाम बदलने के बावजूद व्यक्ति की पहचान वही है।
जेंडर परिवर्तन के बाद नाम अपडेट कराने के लिए भी संबंधित पहचान प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।
कुछ बदलावों में अतिरिक्त दस्तावेज नहीं
नाम में कुछ तकनीकी गलतियों को ठीक कराने के लिए अतिरिक्त दस्तावेज की जरूरत नहीं हो सकती है। उदाहरण के तौर पर नाम में गलत तरीके से लगाए गए बड़े अक्षरों को सामान्य फॉर्मेट में ठीक करना।
जैसे RaMesh को Ramesh करना इस तरह के सुधार में शामिल हो सकता है।
पूरा नाम बदलना है तो Gazette जरूरी
अगर कोई व्यक्ति अपना पूरा नाम बदलना चाहता है और बदलाव इतना बड़ा है कि उसकी पहचान से जुड़ा नाम ही बदल जाता है, तो इसे Major Name Change माना जाएगा।
ऐसे मामलों में Gazette Notification जरूरी होगा। इसके साथ मांगे गए अन्य दस्तावेज और एफिडेविट भी जमा करने पड़ सकते हैं। संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद ही नाम अपडेट की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
नाम बदलने से पहले दस्तावेज जरूर जांचें
आधार में नाम अपडेट कराने से पहले यह समझना जरूरी है कि आपका बदलाव मामूली सुधार, डेटा एंट्री की गलती या बड़े नाम परिवर्तन की किस श्रेणी में आता है। उसी के आधार पर सही दस्तावेज तैयार करने चाहिए।
गलत दस्तावेज या अधूरी जानकारी देने पर अपडेट प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है। इसलिए आवेदन करने से पहले UIDAI की आधिकारिक प्रक्रिया और लागू दस्तावेजों की ताजा सूची जरूर जांच लें।



