CrimeIndiaJammu KashmirTrending

पहले कहासुनी, फिर हाथापाई: और अचानक चली गोली, 25 वर्षीय युवक की हत्या; 30 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद.

पहले कहासुनी, फिर हाथापाई: और अचानक चली गोली, 25 वर्षीय युवक की हत्या; 30 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद.

जम्मू-कश्मीर के विजयपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जख गांव में 25 वर्षीय आतिश शर्मा उर्फ अतुल की उसके ही दोस्त ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच 30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से ही गोली चलाने के आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार समेत दूसरे साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

पहले हुई कहासुनी, फिर हाथापाई

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को आतिश और उसका दोस्त निखिल शर्मा एक साथ थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

बात बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान निखिल के हाथ में पिस्तौल आ गई और गोली चल गई। गोली लगने से आतिश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद भी आरोपित मौके पर मौजूद रहा। सूचना मिलने पर पहुंची विजयपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

30 लाख रुपये को लेकर था विवाद

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को 30 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़े विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने बताया कि आतिश ने उससे 30 लाख रुपये लिए थे और जमीन का सौदा कराने की बात कही थी।

आरोपित का दावा है कि न तो रकम वापस की जा रही थी और न ही जमीन उपलब्ध कराई गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था और इसी सिलसिले में दोनों की मुलाकात हुई थी।

पिस्तौल को लेकर आरोपित ने किया यह दावा

पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि आतिश कथित तौर पर अपने साथ पिस्तौल लेकर आया था। उसका दावा है कि हाथापाई के दौरान पिस्तौल उसके हाथ में आ गई और उसी दौरान गोली चल गई।

हालांकि, पुलिस आरोपित के इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसका था और गोली किन परिस्थितियों में चली।

गांव में फैली सनसनी

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद जख गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली जा रही है।

पुलिस आरोपित से पूछताछ के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले में हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और हथियार से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply