Transformer Fire Complaint: गर्मी के सीजन में लगभग हर घर में कूलर, एसी, फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक चीजों का अत्याधिक इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी वजह से कई बार गर्मी या ओवरलोडिंग के कारण अक्सर गलियों और मोहल्लों में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट या आग लगने जैसी समस्या देखने को मिलती है। ऐसे में कई लोग घबरा जाते हैं, तो कई लोग ट्रांसफार्मर पर पानी डालने लगते हैं, ऐसे में करेंट लगना या किसी हादसे की संभावना बढ़ जाती है। आइए जानते हैं कि ट्रांसफार्मर में आग लगने पर क्या करें क्या न करें और इसकी शिकायत कहां करें?

Transformer में आग लगने पर कहां करें शिकायत?
अगर आपके गाली मोहल्ले में मौजूद ट्रांसफार्मर में आग लग जाए या बिजली से जुड़ी कोई समस्या आए तो आप तुरंत बिजली विभाग के राष्ट्रीय टोलफ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करें और अपनी लोकेशन बताएं, जिससे वो तुरंत पावर ग्रिड सप्लाई काट सकें।
कुछ अहम बातें
1. आग को तुरंत बुझाने के लिए सबसे पहले 101 डायल करके दमकल विभाग को सूचना दें।
2. बिजली आपूर्ति बंद करवाने और नए ट्रांसफार्मर की प्रक्रिया के लिए बिजली विभाग के हेल्पलाइन 1912 पर कॉल करें।
3. किसी भी बड़ी दुर्घटना या आपात स्थिति के लिए ऑलइनवन इमरजेंसी नंबर 112 पर तुरंत संपर्क करें।
4. यदि संभव हो तो अपने क्षेत्र के नजदीकी बिजली सबस्टेशन या लाइनमैन को फोन पर तुरंत पावर कट करने की सूचना दें ताकि करंट फैलने का खतरा टल सके।
भूलकर न करें ये चीजें
1. ट्रांसफार्मर में आग लगने पर उसके पास बिल्कुल न जाएं और लोगों व जानवरों को दूर रखें क्योंकि इसमें मौजूद तेल के कारण धमाका हो सकता है।
2. जब तक बिजली विभाग पावर कट की आधिकारिक पुष्टि न कर दे, तब तक आग पर पानी न डालें क्योंकि इससे करंट लगने का जानलेवा खतरा होता है।
3. अगर बिजली कटने की पुष्टि हो चुकी है और आग बहुत नहीं फैली तो उसे बुझाने के लिए केवल सूखी मिट्टी या रेत या CO2 या ड्राई पाउडर वाले अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल करें।
कैसे बदलवा सकते हैं Transformer
बिजली वितरण कंपनियों और राज्य विद्युत नियामक आयोग के नियमों के अनुसार, जला हुआ या खराब ट्रांसफार्मर के शिकायत के बाद तय समय के अंदर बदलना अनिवार्य होता है।
बड़े शहरों में शिकायत दर्ज होने के 6 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदला जाना चाहिए। वहीं छोटे शहरों में 8 से 24 घंटे के भीतर इसे बदलना जरूरी है और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 से 72 घंटे का समय तया किया गया है।
कार्रवाई न होने पर यहां करें शिकायत
ट्रांसफार्मर जलने पर तुरंत बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं। तय समय में ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाता है, तो अपनी शिकायत संख्या नोट कर लें। यदि विभाग सुनवाई न करे, तो इस शिकायत के साथ अपने क्षेत्र के ‘विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम’ में लिखित शिकायत कर सकते हैं। आप ऑनलाइन विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम या राज्य विद्युत नियामक आयोग के कंज्यूमर पोर्टल पर जाकर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।



