
पश्चिम चंपारण: धनहा थाना क्षेत्र में एक महिला की जान उस समय बच गई, जब मछुआरों और ग्रामीणों ने उसे गंडक नदी की तेज धारा से बाहर निकाला। महिला ने अपने पति पर धनहा पुल से उसे नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित थाने में रखा है और उसके स्वजन को सूचना दी गई है।
घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। महिला के मुताबिक, उसका पति उसे बाइक से धनहा पुल पर लेकर पहुंचा था। आरोप है कि पुल पर पहुंचने के बाद पति ने उसे नदी में फेंक दिया। इसके बाद महिला तेज बहाव में बहती चली गई।
मछुआरों की नजर पड़ी तो बचाई जान
नदी में बहते हुए महिला भितहा थाना क्षेत्र के सेमरबारी ठोकर के पास पहुंची। वहां कुछ मछुआरे नदी में मछली पकड़ रहे थे। उनकी नजर महिला पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया।
मछुआरों और ग्रामीणों ने मिलकर महिला को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
अस्पताल में उपचार के बाद हालत सामान्य
सूचना मिलने पर भितहा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। इलाज के बाद महिला की हालत सामान्य बताई गई।
पुलिस के अनुसार, महिला ने अपना नाम प्रियंका साहनी बताया है। उसने पुलिस को बताया कि वह उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की रहने वाली है और उसका मायका पिपराइच थाना क्षेत्र में है।
स्वजन को दी गई सूचना
प्रभारी थानाध्यक्ष के मुताबिक, महिला को फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से थाने में रखा गया है। उसके स्वजन को घटना की जानकारी दे दी गई है और उनके थाने पहुंचने की बात कही गई है।
पुलिस का कहना है कि महिला ने अपने पति पर नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। महिला की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



