
मोहाली: जिले के चार स्कूलों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस की टीमें तत्काल संबंधित स्कूलों में पहुंचीं।
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें फेज-5 स्थित मिलेनियम स्कूल, सेक्टर-69 का दून इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-65 का अजीत इंटरनेशनल स्कूल और सेक्टर-119 स्थित नारायणा स्कूल शामिल हैं।
पुलिस के पहुंचने के बाद एहतियात के तौर पर स्कूलों में मौजूद बच्चों और स्टाफ को बाहर निकाला गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली।
जांच के दौरान पुलिस टीमों को किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और धमकी भरी ईमेल भेजने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और अदालतों समेत कई संस्थानों को इसी तरह की धमकी भरी ईमेल मिलती रही हैं। पुलिस इन घटनाओं को ध्यान में रखते हुए ईमेल के स्रोत और इसके पीछे की मंशा की जांच कर रही है।


