Bijnor Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां चांदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलीलपुर इलाके के दतियाना गांव में शराब के ठेके पर हुए एक मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया. विवाद में एक युवक ने गुस्से और नशे में धुत होकर दूसरे पक्ष के लोगों पर बेरहमी से ट्रैक्टर चढ़ा दिया. इस घटना में तीन ग्रामीणों की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है, जिसे देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब पौने नौ बजे दतियाना गांव स्थित देशी शराब की दुकान के पास दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. विवाद बढ़ने पर दतियाना गांव का रहने वाला आरोपी वीरेंद्र शराब के नशे में धुत होकर अपना ट्रैक्टर ले आया. उसने जमालुद्दीनपुर के खेड़ा तिराहे के पास खड़े विरोधी पक्ष के लोगों को जान से मारने की नीयत से उन पर सीधे तेज रफ्तार ट्रैक्टर दौड़ा दिया.
ट्रैक्टर से कुचलकर 3 लोगों की दर्दनाक मौत
नशे में धुत्त चालक वीरेंद्र ने सड़क किनारे खड़े लोगों को बेरहमी से कुचल दिया. इस सनसनीखेज हादसे में जमालुद्दीनपुर निवासी तीन ग्रामीणों उदयवीर, जयचंद और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए. घटनास्थल पर मौजूद लोग आननफानन में तीनों घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पोल से टकराकर पलटा ट्रैक्टर, आरोपी चालक भी गंभीर घायल
जमालुद्दीनपुर के ग्रामीणों को रौंदने के बाद आरोपी वीरेंद्र मौके से ट्रैक्टर भगाकर फरार होने की कोशिश कर रहा था. लेकिन अत्यधिक शराब के नशे और तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकराकर पलट गया. इस दुर्घटना में आरोपी वीरेंद्र खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात और कानूनी कार्रवाई
एक साथ तीन ग्रामीणों की हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पीड़ित परिवार व ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. कानूनव्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव और अस्पताल परिसर में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. क्षेत्राधिकारी चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और आरोपी के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी.



