
** गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले से विवाहिता के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार और यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार महिला को एक व्यक्ति के साथ पकड़े जाने के बाद कुछ लोगों ने उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया। आरोप है कि ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर महिला के साथ जबरदस्ती की गई और पूरी घटना की रिकॉर्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सुरेंद्रनगर के दुधरेज गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मामले की जांच सुरेंद्रनगर सिटी ‘ए’ डिवीजन पुलिस कर रही है।
कथित प्रेमी के साथ जाने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक, महिला मूल रूप से वापी की रहने वाली है। बताया गया है कि वह पहले भी एक व्यक्ति के साथ घर से चली गई थी। बाद में परिवार और समुदाय के लोगों के हस्तक्षेप के बाद समझौता हुआ और वह अपने पति के पास लौट आई।
पुलिस के अनुसार बाद में महिला दोबारा उसी व्यक्ति के साथ चली गई। इसके बाद परिवार और समुदाय के कुछ लोगों ने दोनों को पकड़ लिया।
दोनों को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, महिला और उसके कथित प्रेमी को पकड़कर एक स्थान पर ले जाया गया। आरोप है कि वहां महिला को बंधक बनाकर उसके साथ जबरन यौन उत्पीड़न किया गया।
वहीं महिला के साथ मौजूद युवक को भी कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटा गया। पुलिस के अनुसार उसे पेड़ से बांधा गया था, जबकि महिला को एक कमरे में बंद रखा गया। आरोपियों पर दोनों के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने के आरोप हैं।
घटना की रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर डाली
पुलिस के अनुसार कथित घटना के दौरान मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग की गई और बाद में उसे Instagram पर प्रसारित कर दिया गया। सोशल मीडिया पर सामग्री सामने आने के बाद एक व्यक्ति ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश शुरू की।
पुलिस ने महिला की पहचान कर दर्ज किया बयान
एएसपी वेदिका दिहानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस महिला तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, टीम जब महिला के घर पहुंची तो वह वहां मौजूद थी। पुलिस के सामने महिला ने कथित घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उसके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
9 आरोपी गिरफ्तार
सुरेंद्रनगर सिटी ‘ए’ डिवीजन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों पर BNS की धारा 70(1), धारा 115(2) और आईटी एक्ट की धारा 67(A) समेत संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, रिकॉर्डिंग बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।



