Dividend Stocks: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए ये हफ्ता काफी हलचल भरा रहने वाला है. कमाई के लिहाज से निवेशकों की नजरें तीन बड़े शेयरों पर टिकी हैं. इन कंपनियों ने अपने शेयरधारकों को डिविडेंड बांटने का ऐलान किया है. जिन निवेशकों के पोर्टफोलियो में ये शेयर शामिल हैं, उन्हें सीधा फायदा होने वाला है. वेदांता, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के साथ आनंद राठी वेल्थ ने अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है.

वेदांता का भारी भरकम डिविडेंड
माइनिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी वेदांता अपने निवेशकों को बंपर फायदा देने जा रही है. कंपनी ने हर शेयर पर 5 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने का फैसला किया है. इस शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है. इस हिसाब से कंपनी कुल 1,955 करोड़ रुपये की बड़ी रकम डिविडेंड के रूप में बांटेगी. इसके लिए बुधवार 14 अक्टूबर 2026 की तारीख को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है. शुक्रवार को इस कंपनी का शेयर 4.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 263.50 रुपये पर बंद हुआ था. बीते तीन सालों में इस शेयर ने 234 प्रतिशत का शानदार रिटर्न दिया है. एक साल में भी ये शेयर 51 प्रतिशत चढ़ चुका है. वहीं दो साल में इसने 47 प्रतिशत का मुनाफा दिया है.
टीसीएस के निवेशकों को मुनाफा
टाटा ग्रुप की दिग्गज आईटी कंपनी टीसीएस ने भी अपने शेयरधारकों को खुश कर दिया है. कंपनी हर शेयर पर 12 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने वाली है. इस शेयर की फेस वैल्यू भी 1 रुपये है. कंपनी ने बताया है कि 30 अक्टूबर 2026 को डिविडेंड का पैसा निवेशकों के बैंक खाते में भेज दिया जाएगा. इसके लिए भी 14 अक्टूबर 2026 को ही रिकॉर्ड डेट तय की गई है. बीते शुक्रवार को टीसीएस का शेयर 4.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,163 रुपये पर बंद हुआ था. इस कंपनी का मार्केट कैप 7.82 लाख करोड़ रुपये है. हालांकि लंबी अवधि के निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है. पिछले एक साल में ये शेयर 29 प्रतिशत गिरा है. दो साल में 49 प्रतिशत व तीन साल में 40 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है.
आनंद राठी का शानदार प्रदर्शन
वेल्थ मैनेजमेंट कंपनी आनंद राठी वेल्थ भी पीछे नहीं है. ये कंपनी अपने हर शेयर पर 4 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी. इस शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है, यानी निवेशकों को फेस वैल्यू का 80 प्रतिशत डिविडेंड मिलेगा. इससे पहले अप्रैल में भी कंपनी ने 7 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया था. इस डिविडेंड के लिए गुरुवार 15 अक्टूबर 2026 की तारीख रिकॉर्ड डेट के रूप में तय की गई है. ऐलान के 30 दिनों के भीतर पैसा खाते में आ जाएगा. पिछले कारोबारी सत्र में ये शेयर 4.68 प्रतिशत टूटकर 2,038.70 रुपये पर बंद हुआ था. हालांकि गिरावट के बाद भी इस शेयर ने बीते तीन साल में 331.44 प्रतिशत का तगड़ा रिटर्न दिया है. एक साल में इसने 38.14 प्रतिशत का मुनाफा दिया है. साल 2026 में अब तक ये शेयर 31.75 प्रतिशत चढ़ चुका है.



