CrimeIndia

​डायन बताकर महिला से मारपीट, निर्वस्त्र करने की कोशिश; पुलिस भी पहुंची तो लेने लगी आशीर्वाद

बिहार के भागलपुर में एक हैरान और परेशान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां शाहकुंड थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव में एक महिला को डायन बताकर उसके साथ मारपीट की गई. यही नहीं, उसके कपड़े तक उतारने का प्रयास किया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामले में न्याय करने के बजाय खुद महिला से आर्शीवाद लेकर वहां मौजूद लोगों को भी ऐसा ही करने को कहने लगी. पुलिस के इस रवैये की वजह से यह पूरा मामला मजाक बनकर रह गया है.

​डायन बताकर महिला से मारपीट, निर्वस्त्र करने की कोशिश; पुलिस भी पहुंची तो लेने लगी आशीर्वाद

इस घटना के संबंध में पचरुखी गांव की रहने वाली तारा देवी ने पुलिस में तहरीर दी है. आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ दबंगों बसकी राम, बोरी राम, बिजली राम और बबलू राम ने उन्हें डायन कहकर मारपीट की. इस दौरान आरोपियों ने उसकी साड़ी तक खींचने की कोशिश की. यही नहीं, आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए गोली चलाने व शरीर में आग लगाने तक की धमकी दी. इसके बाद पीड़िता ने शाहकुंड थाने में शिकायत देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है.

आर्शीवाद लेने लगी पुलिस

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस का संदिग्ध और गैरजिम्मेदाराना रवैया है. घटना की जांच के लिए जब शाहकुंड थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो गंभीरता से मामले की जांच करने के बजाय अजीबोगरीब रुख अपनाया. सामने आई तस्वीरों और दावों के मुताबिक, वर्दीधारी पुलिसकर्मी वहां खुद महिला से आर्शीवाद लेने लगे. यही नहीं, वहां मौजूद ग्रामीणों से भी वह कहते नजर आए कि महिला से आशीर्वाद लो.

पुलिस पर उठे सवाल

यह वाकया प्रशासनिक संवेदनशीलता और पुलिसिया कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है. जब किसी महिला पर इस तरह का गंभीर आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा हो, तो पुलिस का कर्तव्य उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करना होता है, न कि इस कुप्रथा को हल्के में लेना. फिलहाल, पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply