Hyundai Bayon को भारत में लॉन्च करने की तैयारी पूरी हो गई है. हुंडई ने इस एसयूवी की बुकिंग शुरू कर दी है. कंपनी 26 अक्टूबर 2026 को इस नई SUV से पर्दा उठाएगी. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसमें मिलने वाला जनरेटिव AI वॉयस असिस्टेंट होगा, जो ड्राइवर और यात्रियों के सवालों का जवाब देने के साथ कई कामों में मदद करेगा.

ग्राहक इसे ऑनलाइन या कंपनी की डीलरशिप पर जाकर 11,000 रुपये में बुक कर सकते हैं. कंपनी के मुताबिक, इसकी डिलीवरी त्योहारी सीजन में शुरू करने की योजना है. हालांकि, अभी इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया गया है. इसकी पूरी जानकारी लॉन्च के समय सामने आएगी.
पेट्रोल इंजन और दो गियरबॉक्स का ऑप्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Hyundai Bayon में 1.5 लीटर का 4सिलेंडर MPi पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है. यह इंजन 115 PS की पावर और 144 Nm का टॉर्क पैदा करता है. इसमें ग्राहकों को 6स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और हुंडई के IVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा. यानी कंपनी ने इस SUV में तकनीक के साथ रेगुलर पेट्रोल इंजन पर भी ध्यान दिया है.
Perplexity AI से लैस होगा वॉयस असिस्टेंट
Bayon की सबसे खास खूबियों में से एक इसका जनरेटिव AI वॉयस असिस्टेंट है. हुंडई मोटर इंडिया की ओर से यह अपनी तरह की पहली पेशकश बताई जा रही है. इसमें Perplexity की AI तकनीक और SoundHound AI की वॉयस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है. इसकी मदद से कार में बैठे लोग सामान्य बातचीत की तरह सवाल पूछ सकेंगे. उदाहरण के लिए, वे मौसम की जानकारी ले सकते हैं, घूमने का प्लान बना सकते हैं, होटल और रेस्टोरेंट खोज सकते हैं या आसपास शॉपिंग की जगहों के बारे में पूछ सकते हैं. इसके अलावा, खेलों के स्कोर और अपडेट भी जान सकेंगे.
SUV में 500 से ज्यादा ऐसे वॉयस कमांड भी होंगे, जो इंटरनेट के बिना काम कर सकेंगे. इनकी मदद से कार के कई जरूरी फीचर्स को आवाज के जरिए कंट्रोल किया जा सकेगा. ये कमांड अंग्रेजी, हिंदी, हिंग्लिश, तमिल, बंगाली और तेलुगु भाषाओं में उपलब्ध होंगे.
अनुमानित कीमत
Hyundai Bayon की कीमत ₹9.00 लाख से ₹17.50 लाख के बीच होने की उम्मीद है और ज़्यादातर वेरिएंट्स की कीमत ₹10.00 लाख से ₹15.00 लाख के बीच हो सकती है. भारत में इसका मुकाबला Maruti Suzuki FRONX, Tata Nexon, Mahindra XUV 3XO और Maruti Suzuki Brezza जैसी गाड़ियों से हो सकता है.



