IndiaUttar Pradesh

​यूपी चुनाव से पहले BJP में अपनों को साधने की चुनौती, CM योगी ने संभाला मोर्चा!

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में नेताओं को साधने की कवायद तेज हो गई है. पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के समाजवादी पार्टी में जाने के बाद पार्टी के भीतर नाराज नेताओं को लेकर चर्चाएं बढ़ी हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी और गंगाचरण राजपूत से मुलाकात की है. वहीं, राज्यसभा चुनाव में सपा के खिलाफ वोट करने वाले तीन विधायकों की बीजेपी में एंट्री होने जा रही है.

​यूपी चुनाव से पहले BJP में अपनों को साधने की चुनौती, CM योगी ने संभाला मोर्चा!

धर्मेंद्र कश्यप के जाने के बाद बढ़ी हलचल

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर सियासी हलचल तेज है. पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप अपनी बेटी कीर्ति कश्यप के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद पार्टी का दामन थामा. धर्मेंद्र कश्यप के सपा में जाने के बाद बीजेपी में दूसरे नाराज नेताओं को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.

पार्टी के सामने उन नेताओं को साथ बनाए रखने की चुनौती है, जो टिकट या अपने परिवार के सदस्यों के राजनीतिक भविष्य को लेकर उम्मीद लगाए बैठे हैं. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है. इन मुलाकातों को पार्टी के भीतर नाराजगी दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

कौशल किशोर के परिवार से मिले योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के परिवार से मुलाकात की. इस दौरान मलिहाबाद से विधायक जय देवी और उनके बेटे विकास किशोर भी मौजूद रहे. विकास किशोर बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं. राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, कौशल किशोर अपने बेटे विकास किशोर के लिए मलिहाबाद विधानसभा सीट से टिकट चाहते हैं. बीते दिनों कौशल किशोर ने सार्वजनिक मंच से पार्टी के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी.

रीता बहुगुणा जोशी और गंगाचरण राजपूत से मुलाकात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मंत्री रीता बहुगुणा जोशी और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत से भी मुलाकात की. रीता बहुगुणा जोशी प्रयागराज से सांसद रह चुकी हैं, जबकि गंगाचरण राजपूत बुंदेलखंड क्षेत्र के बड़े नेता हैं. बताया जा रहा है कि दोनों नेता पार्टी से नाराज चल रहे थे. योगी आदित्यनाथ ने उनसे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया. इन मुलाकातों के जरिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ संवाद बनाए रखने की कोशिश की जा रही है.

सपा के तीन बागी विधायक कल बीजेपी में होंगे शामिल

बीजेपी में नेताओं को साधने की कवायद के बीच समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायकों की बीजेपी में एंट्री होने जा रही है. इनमें गौरीगंज से राकेश प्रताप सिंह, गोसाईंगंज से अभय सिंह और कालपी से विनोद चतुर्वेदी शामिल हैं. तीनों विधायकों ने राज्यसभा चुनाव के दौरान बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया था. इसके बाद समाजवादी पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था. सूत्रों के मुताबिक, तीनों विधायक पहले ही बीजेपी में शामिल होना चाहते थे, लेकिन उनकी ज्वॉइनिंग रुक गई थी.

राज्यसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव ने कहा था कि कई विधायक उनके संपर्क में हैं और वापस आना चाहते हैं. इस बयान के कुछ दिन बाद राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. अब तीनों 14 अक्टूबर को बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं. वहीं बागी विधायक राकेश पांडेय, आशुतोष मौर्य और महराजी प्रजापति के बारे में बताया जा रहा है कि वे अभी भी समाजवादी पार्टी के संपर्क में हैं.

बृजभूषण राजपूत से मिले पंकज चौधरी

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी पार्टी नेताओं के साथ संवाद और संगठनात्मक समन्वय बनाने में जुटे हैं. बृजभूषण राजपूत से मुलाकात और उन्हें मनाने की चर्चा भी सामने आई है. बृजभूषण राजपूत ने मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला था. ऐसे में उनके साथ बातचीत को पार्टी के भीतर मतभेद दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

यूपी में 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर नेताओं को साधने की कवायद तेज है. धर्मेंद्र कश्यप का सपा में जाना, कौशल किशोर, रीता बहुगुणा जोशी और गंगाचरण राजपूत से योगी आदित्यनाथ की मुलाकात और सपा के तीन बागी विधायकों की बीजेपी में एंट्री… ये सभी घटनाक्रम चुनाव से पहले की सियासी हलचल को दिखाते हैं. अब नजर इस बात पर रहेगी कि बीजेपी अपने नाराज नेताओं को कितना मना पाती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply