Jhansi News: यूपी के झांसी में महज 15 हजार रुपये का कर्ज एक युवक के लिए इस कदर परेशानी का कारण बन गया कि उसने अपनी जान देने की कोशिश की और फांसी के फंदे पर झूल गया. गनीमत रही कि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक की जान बचा ली इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

ये घटना बरुआसागर थाना क्षेत्र के तिलैया खुर्द गांव की है. जानकारी के अनुसार, यहां रहने वाला 26 वर्षीय मुकेश रैकवार कथित तौर पर आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते तनाव में था. इसलिए उसने अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की और फांसी के फंदे पर लटक गया. मामले की सूचना मिलने पर डायल 112 में तैनात उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, पुष्पेंद्र कुमार और भूपेंद्र यादव की टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
छत की सीमेंट की शीट तोड़ी और अंदर दाखिल हुए
घर का मुख्य गेट बंद मिलने पर पुलिस कर्मियों ने बिना देर किए छत की सीमेंट की शीट तोड़ी और अंदर दाखिल हुए. इसके बाद युवक को फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुआसागर पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.
मुकेश के भाई धर्मेंद रैकवार के मुताबिक, उसका भाई करीब 15 हजार रुपये का कर्ज को लेकर के परेशान चल रहा था. एक दिन पहले मुकेश ने अपनी मां गणेशी रैकवार से रुपये मांगे थे. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण मां रकम का इंतजाम नहीं कर सकी, इसके बाद मुकेश ने खुदकुशी की कोशिश की. मुकेश शादीशुदा है और उसकी दो साल की बेटी परी है. घटना के बाद से परिवार के लोग चिंतित हैं.
पुलिस बनी फरिश्ता
समय पर सूचना मिलने और डायल 112 की टीम की तत्परता से युवक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया जा सका. फिलहाल मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है. झांसी पुलिस की मुस्तैदी और जांबाजी की वजह से युवक को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया औऱ घर के चिराग को बुझने से बचा लिया. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.



