Palghar News: महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में जिम ट्रेनर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरिफ अयूब शेख की गिरफ्तारी के बाद एक गंभीर मामला सामने आया है. एक युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी आरिफ ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार रेप किया. आरोपी ने करीब 70 से 80 युवतियों को अपने जाल में फंसाया और उनके अश्लील वीडियो बनाए. इन वीडियो को अश्लील वेबसाइटों पर बेचा गया. इस मामले में अब तक तीन पीड़िताएं सामने आई हैं.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आरिफ अयूब शेख के खिलाफ दो FIR दर्ज की गई है, जबकि तीसरी शिकायत पर कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही. पुलिस को आरिफ के मोबाइल फोन से कई वीडियो और तस्वीरें मिली हैं. पुलिस यह भी पता लगा रही कि आरोपी कितनी महिलाओं के संपर्क में था और क्या इन वीडियो का इस्तेमाल किसी को धमकाने या ब्लैकमेल करने के लिए किया गया?
ये भी पढे़ं
शादी का झांसा देकर रेप का आरोप
शिकायत के अनुसार, 23 वर्षीय युवती की मुलाकात आरिफ अयूब शेख से करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. धीरेधीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी. युवती का आरोप है कि आरिफ ने उससे शादी करने का वादा किया और बाद में साथ रहने के लिए दबाव बनाने लगा. शादी का भरोसा देकर आरिफ ने उसके साथ कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए. आरिफ और उसकी मां ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया. विरोध करने पर मारपीट की. इसके अलावा, आरिफ के चचेरे भाई साहिल शेख पर भी युवती ने रेप की कोशिश करने का आरोप लगाया.
मोबाइल में मिले कई वीडियो और फोटो
मामले की जांच कर रही मीराभायंदर, वसईविरार पुलिस को आरिफ के मोबाइल फोन से कई वीडियो और तस्वीरें मिली हैं. पुलिस अब फोन की फॉरेंसिक जांच करा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन फाइलों में क्या है? मीराभायंदर, वसईविरार पुलिस के एडिशनल कमिश्नर संजय शिन्रे के मुताबिक, आरिफ कई डेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए महिलाओं के संपर्क में आया था. जांच में यह भी सामने आया कि उसने कुछ महिलाओं से अपनी पहचान बदलकर संपर्क किया था. वीडियो को अश्लील वेबसाइटों पर अपलोड करने या बेचने के आरोपों की भी जांच की जा रही है.
70 से 80 युवतियों को फंसाने का दावा
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरिफ इंस्टाग्राम के जरिए युवतियों से संपर्क करता था. बाद में संबंध बनने पर उनके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे. इस तरह करीब 70 से 80 युवतियों को निशाना बनाया गया. उनके वीडियो अश्लील वेबसाइटों पर बेचे गए. मामले को सबसे पहले सामने लाने वाले रौनक यादव ने भी आरिफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनके मुताबिक, आरिफ नवरात्रि के दौरान हिंदू लड़कियों को फंसाने की बात कहता था.
विश्व हिंदू परिषद से जुड़े प्रदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि पीड़िताओं के साथ जबरदस्ती की गई और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनका यौन शोषण किया गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि युवतियों के वीडियो विदेशी अश्लील वेबसाइटों पर बेचे गए. इन आरोपों के समर्थन में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच होना अभी बाकी है.
नवरात्रि और गरबा को लेकर टिप्पणी
इस मामले का एक दूसरा पहलू 9 अक्टूबर को नालासोपारा पश्चिम के छेड़ानगर स्थित एक जिम से जुड़ा है. आरोप है कि वहां नवरात्रि और गरबा खेलने आने वाली महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं. इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने कार्रवाई की मांग की. शिकायतकर्ताओं का दावा है कि आरोपी आरिफ ने महिलाओं को फंसाने के संबंध में भी आपत्तिजनक बातें कही थीं. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अलग मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, गरबा से जुड़ी टिप्पणी और 23 वर्षीय युवती की रेप संबंधी शिकायत अलगअलग मामलों के रूप में जांच के दायरे में हैं. दोनों मामलों में सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आरोपी की मां और चचेरे भाई की भूमिका पर भी जांच
शिकायतकर्ता युवती ने आरोपी की मां रुखसाना और चचेरे भाई साहिल शेख के खिलाफ भी आरोप लगाए हैं. युवती का दावा है कि उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया. चचेरे भाई साहिल शेख ने रेप की कोशिश की. पुलिस इन दोनों की भूमिका की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा कि क्या उन्हें घटनाओं की जानकारी थी, क्या इस मामले में उनकी कोई भूमिका रही.



