Bijnor Forced Halala Case: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिला अंतर्गत किरतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ तीन तलाक के बाद जबरन हलाला कराने और उसके उत्पीड़न का बेहद गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बिजनौर पुलिस ने हलाला के नाम पर जबरदस्ती करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

वहीं महिला का पूर्व पति और उसके ससुराल वाले फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है. पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित महिला का निकाह करीब दो वर्ष पूर्व किरतपुर निवासी मुजम्मिल के साथ हुआ था. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद मुजम्मिल ने महिला को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया था.
मर्जी के खिलाफ जबरन हलाला का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद जब उसने अपने पूर्व पति के पास वापस लौटने और दोबारा घर बसाने की इच्छा जताई, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर वापस आने के लिए ‘हलाला’ करने की अनिवार्य शर्त रख दी. पीड़िता ने बताया शाहनवाज जो कि उसका देवर है उसने हलाला के नाम पर उसके साथ सारी रात जबरदस्ती की उसे मानसिक व शारीरिक रूप भी शोषण किया गया.
उसके पति, सास और देवर सभी ने उसे प्रताड़ित किया और कहा कि सभी को ऐसे ही खुश रखना होगा. जिस वजह से वह खुद से नजर नहीं मिला पा रही है. ससुराल पक्ष के इस अमानवीय व्यवहार से तंग आकर पीड़िता ने 14 अक्टूबर को किरतपुर थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
बिजनौर के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने क्या बताया?
बिजनौर के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 अक्टूबर को मुख्य आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसपी ने आश्वस्त किया है कि मामले में नामजद पीड़िता के पूर्व पति मुजम्मिल और ससुराल के अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



