भारत में बनी मारुति सुजुकी की इलेक्ट्रिक SUV eVitara को जापान में हुए सेफ्टी टेस्ट में 4स्टार रेटिंग मिली है. जापान के नए कार सेफ्टी प्रोग्राम तहत Japan NCAP ने इलेक्ट्रिक SUV का क्रैश टेस्ट किया था. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के ANCAP क्रैश टेस्ट में भी eVitara को 4 स्टार मिले थे. वहीं, भारत में इस इलेक्ट्रिक SUV को Bharat NCAP से 5स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है. सुजुकी eVitara का निर्माण भारत में ही करती है और यहीं से पूरी दुनिया में एक्सपोर्ट भी करती है.

जापान NCAP के क्रैश टेस्ट में कार की मजबूती के अलावा एक्सिडेंट से बचाव और हादसे की सूचना देने वाले सिस्टम को भी चेक किया जाता है. इसलिए जापान में मिली 4स्टार रेटिंग की तुलना भारत की 5स्टार रेटिंग से सीधे नहीं की जा सकती. दोनों के टेस्ट और नियम अलग हैं. जापान के टेस्ट में eVitara को दुर्घटना से बचाव करने वाले सिस्टम के लिए A ग्रेड और टक्कर के दौरान सुरक्षा के लिए B ग्रेड मिला. इसके अलावा, दुर्घटना होने पर अपने आप सूचना भेजने वाले सिस्टम को Advanced Type II कैटेगरी में रखा गया.
टक्कर के टेस्ट में कैसा रहा प्रदर्शन?
Japan NCAP के टेस्ट में eVitara ने सामने से होने वाली सीधी टक्कर के दौरान ड्राइवर की सुरक्षा के लिए 5 में से 5 स्तर हासिल किए. इसी टेस्ट में पीछे की सीट पर बैठे यात्री की सुरक्षा को लेवल 4 मिला. सामने की ओर एक तरफ से होने वाली टक्कर के टेस्ट में भी इसे लेवल 4 मिला. साइड से टक्कर के टेस्ट में इस इलेक्ट्रिक SUV को लेवल 5 मिला. पीछे से टक्कर लगने पर ड्राइवर और आगे बैठे यात्री की गर्दन की सुरक्षा के मामले में भी इसे लेवल 5 दिया गया.
पैदल चलने वालों की सुरक्षा के नतीजे मिलेजुले रहे. पैदल यात्री के सिर की सुरक्षा के लिए इसे लेवल 3, जबकि पैरों की सुरक्षा के लिए लेवल 5 मिला. सीट बेल्ट की याद दिलाने वाले सिस्टम को लेवल 4 दिया गया.
सेफ्टी फीचर्स को मिले अच्छे नंबर
eVitara ने दुर्घटना से बचाव करने वाले कई फीचर्स के टेस्ट में लेवल 5 हासिल किया. इनमें दिन और रात के समय पैदल यात्रियों को पहचानकर अपने आप ब्रेक लगाने वाला सिस्टम और साइकिल सवारों का पता लगाने वाला सिस्टम शामिल है. लेन डिपार्चर वॉर्निंग और बचाव करने वाली तकनीक, बेहतर रोशनी देने वाली हेडलाइट्स और गलती से एक्सेलरेटर दबने पर गाड़ी की रफ्तार को कंट्रोल करने वाले सिस्टम को भी लेवल 5 मिला.
भारत में कितनी है Suzuki eVitara की कीमत?
भारत में सुजुकी eVitara डेल्टा, जेटा और अल्फा वेरिएंट में उपलब्ध है. इसकी बताई गई कीमत 16.19 लाख रुपये से 20.21 लाख रुपये तक है. इन कीमतों में बैटरी की लागत शामिल है. इस इलेक्ट्रिक SUV में 49kWh और 61kWh के दो बैटरी विकल्प मिलते हैं. कंपनी के बताए आंकड़ों के मुताबिक, यह एक बार फुल चार्ज होने पर अधिकतम 543 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है.



