IndiaUttar Pradesh

​UP में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसे, प्रयागराज-फतेहपुर में 5 की मौत; गोंडा में एक की जान गई

Prayagraj/Fatehpur/Gonda News: उत्तर प्रदेश में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान अलगअलग जिलों में हादसे हुए हैं. प्रयागराज, फतेहपुर और गोंडा में विसर्जन के दौरान नदी और तालाब में डूबने से छह लोगों की मौत हो गई. प्रयागराज में दो युवक टोंस नदी में डूब गए, जबकि फतेहपुर में तीन किशोरों की जान चली गई. वहीं, गोंडा में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है. गोंडा में दो लोग अभी लापता हैं. इन घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है.

​UP में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसे, प्रयागराज-फतेहपुर में 5 की मौत; गोंडा में एक की जान गई

प्रयागराज में टोंस नदी में डूबे 2 युवक

प्रयागराज में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान टोंस नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई. दोनों युवक विसर्जन के दौरान नदी में डूब गए थे. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. कई घंटे तक चले अभियान में गोताखोरों और स्थानीय मछुआरों ने पुलिस की मदद की.

रेस्क्यू टीम ने दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें कौंधियारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान राहुल पांडेय और अमित कुमार के रूप में हुई है. यह मामला यमुनानगर जोन के कौंधियारा थाना क्षेत्र का है.

फतेहपुर में तालाब में डूबे 5 किशोर, 3 की मौत

फतेहपुर जिले में भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. यहां तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो किशोरों को सुरक्षित बचा लिया गया. जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद बचाव अभियान चलाया गया. डूबे तीन किशोरों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतकों की पहचान आदित्य, साजन और अभिमन्यु के रूप में हुई है. घटना खागा क्षेत्र के बैजूपुर मजरे कटोघन की बताई जा रही है. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

गोंडा में विसर्जन के दौरान 5 लोग डूबे

गोंडा जिले में भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा हुआ. तरबगंज थाना क्षेत्र के भैरमपुर में पांच लोग पानी में डूब गए. इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. हादसे के बाद दो अन्य लोग लापता हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है.

3 जिलों में हादसों से पसरा मातम

उत्तर प्रदेश के तीन जिलों में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इन हादसों ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. प्रयागराज में दो युवकों, फतेहपुर में तीन किशोरों और गोंडा में एक व्यक्ति की मौत हुई है. गोंडा में लापता दो लोगों की तलाश जारी है. इन घटनाओं ने विसर्जन के दौरान नदी और तालाब में उतरते समय सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply