भारत में कारों की बढ़ती मांग को देखते हुए दुनिया की टायर कंपनियां अपने कारोबार का विस्तार कर रही हैं. इसी कड़ी में इटली की टायर कंपनी Pirelli और भारतीय कंपनी बालकृष्ण इंडस्ट्रीज लिमिटेड में पार्टनरशिप हुई है. दोनों कंपनियां भारत में प्रीमियम कार टायर के कारोबार को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगी.

कंपनियों के मुताबिक, भारत दुनिया के तेजी से बढ़ते कार बाजारों में शामिल है. अनुमान है कि 2025 से 2030 के बीच देश में कारों के रजिस्ट्रेशन में हर साल 5 से 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है. इस दौरान प्रीमियम कार टायर बाजार के साइज में भी करीब 5 गुना बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.
देश में बनेंगे Pirelli ब्रांड के 8 लाख टायर
इस पार्टनरशिप के पहले स्टेप में BKT अपने एक नए प्लांट में Pirelli ब्रांड के टायर बनाएगी. यह प्लांट आधुनिक तकनीक से लैस होगा. समझौते के अनुसार, BKT साल 2030 तक अधिकतम 8 लाख Pirelli ब्रांड के टायर बना सकेगी. इन टायरों का उत्पादन Pirelli के तय तकनीकी मानकों और गुणवत्ता संबंधी नियमों के अनुसार किया जाएगा.
आगे बन सकता है 5050 जॉइंट वेंचर
समझौते के दूसरे चरण में दोनों कंपनियां कुछ शर्तें पूरी होने पर 5050 हिस्सेदारी वाला जॉइंट वेंचर बनाने की योजना पर आगे बढ़ सकती हैं. इसके लिए एक अलग प्रोडक्शन प्लांट बनाने की भी योजना है. यहां Pirelli और BKT, दोनों ब्रांड के प्रीमियम कार टायर बनाए जा सकते हैं. इन टायरों की सप्लाई भारत के साथसाथ दूसरे देशों के बाजारों में भी की जाएगी.
दोनों कंपनियों को क्या होगा फायदा?
Pirelli फिलहाल भारत में मुख्य रूप से बिक्री और कारोबार से जुड़ी है. इस पार्टनरशिप से कंपनी को भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने और प्रीमियम टायर की बढ़ती मांग का फायदा उठाने में मदद मिल सकती है. वहीं, BKT अब तक मुख्य रूप से ऑफहाईवे टायरों के लिए जानी जाती है, जिनका इस्तेमाल कृषि, निर्माण और औद्योगिक वाहनों में होता है. इस समझौते से कंपनी को पैसेंजर कार टायर बाजार में विस्तार करने का अवसर मिलेगा. साथ ही, उसे भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए ग्राहक बनाने में मदद मिल सकती है.
Pirelli के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन मार्को ट्रोंकेटी प्रोवेरा ने कहा कि भारत ग्लोबल ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में तेजी से अहम भूमिका निभा रहा है. BKT के साथ पार्टनरशिप से कंपनी को अपनी तकनीक और प्रीमियम उत्पादों के जरिए भारतीय बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी. BKT के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद पोद्दार ने कहा कि यह पार्टनरशिप दोनों कंपनियों की खूबियों को एक साथ लाएगी. वहीं, Pirelli के CEO एंड्रिया कासालुची ने उम्मीद जताई कि इससे भारतीय टायर बाजार में प्रीमियम उत्पादों की मांग और बढ़ेगी. BKT के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव पोद्दार ने भी इस समझौते को कंपनी की उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता की पहचान बताया.



