उत्तर प्रदेश के गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सांसद अफजाल अंसारी की अचानक तबीयत खराब हो गई है. उन्हें तत्काल उच्च स्तरीय इलाज के लिए राजधानी लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की देखरेख में उनका इलाज जारी है. सांसद अफजाल अंसारी की स्वास्थ्य बिगड़ने की आधिकारिक सूचना उनके भतीजे और मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा की.

उन्होंने पोस्ट में बताया कि बड़े अब्बा जनाब अफजाल अंसारी साहब की तबीयत अचानक खराब हो गई है, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले जाया गया है.
समर्थकों और शुभचिंतकों से दुआ की अपील
अंसारी परिवार की ओर से समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआ और प्रार्थना करने की अपील की गई है. जिसके बाद समर्थक उनके शीघ्र ठीक होने की कामना कर रहे हैं. फिलहाल डॉक्टरों द्वारा सांसद के स्वास्थ्य परीक्षण और जरूरी टेस्ट किए जा रहे हैं, जिसके बाद ही उनकी मौजूदा स्थिति पर अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाएगा.
बता दें कि सपा सांसद अफजाल अंसारी का सियासी सफर लगभग चार दशकों का है. वामपंथी राजनीति से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अफजाल अंसारी पूर्वांचल के प्रभावशाली और चर्चित नेताओं में गिने जाते हैं.
5 बार लगातार विधायक
अफजाल अंसारी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत साल 1985में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से की. उन्होंने 1985 में पहली बार गाजीपुर की मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट से चुनाव जीता. इसके बाद वह 1989, 1991, 1993 और 1996 में इसी सीट से लगातार 5 बार विधायक चुने गए. हालांकि 2002 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी के कृष्णानंद राय से शिकस्त का सामना करना पड़ा.
तीन बार सांसद
विधानसभा चुनाव हारने के बाद अफजाल अंसारी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए. सपा के टिकट पर 2004 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के दिग्गज नेता मनोज सिन्हा को हराकर पहली बार संसद में कदम रखा. 2009 और 2014 में मिली हार के बाद, वह बसपा में शामिल हुए. 2019 में सपाबसपा गठबंधन के तहत बसपा के टिकट पर उन्होंने दोबारा मनोज सिन्हा को हराकर गाजीपुर सीट पर जीत दर्ज की. 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले वह एक बार फिर सपा में लौटे. सपा के टिकट पर चुनाव लड़कर उन्होंने तीसरी बार गाजीपुर के सांसद के रूप में जीत हासिल की.



