Bareilly crime news: उत्तर प्रदेश के बरेली के भुता थाना क्षेत्र के मैकपुर कलां गांव में किशोरी के लापता होने के मामले में शक के घेरे में आए 20 वर्षीय सुरजीत ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली. बताया जा रहा है कि लापता किशोरी की आखिरी बार सुरजीत से फोन पर बात हुई थी. किशोरी के पिता की शिकायत के बाद पुलिस उससे कई बार पूछताछ कर चुकी थी. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

बरेली के भूता के एक गांव की किशोरी आठ सितंबर को लापता हो गई थी. उसके पिता ने मामले में शिकायत की थी. पुलिस ने जांच के दौरान सुरजीत को पूछताछ के लिए बुलाया. बताया गया कि किशोरी की आखिरी बार उससे फोन पर बातचीत हुई थी. इसी वजह से पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर उससे पूछताछ कर रही थी.
सुरजीत के पिता गंगाराम का आरोप है कि पुलिस उनके बेटे को थाने ले गई थी और उससे तीन दिन तक पूछताछ की गई. बृहस्पतिवार शाम को वह बेटे को घर लेकर आए थे. परिवार का यह भी आरोप है कि किशोरी का पिता सुरजीत को लगातार धमका रहा था. परिजनों के मुताबिक, पुलिस की पूछताछ और धमकियों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया. पुलिस के मेंटल टॉर्चर की वजह से बेटे ने सुसाइड कर लिया है.
रात में कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक
परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे सुरजीत ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी. उसके छोटे भाई अवनीश ने उसे फंदे पर लटका देखा तो परिवार को इसकी जानकारी दी. घटना के बाद घर में चीखपुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए.
सुरजीत पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था और अविवाहित था. उसकी मौत के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं. पिता ने बेटे की मौत के लिए पुलिस की पूछताछ और किशोरी के पिता की कथित धमकियों को जिम्मेदार ठहराया है. उनकी तहरीर पर पुलिस ने किशोरी के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है.उधर, किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस अब तक उसका पता नहीं लगा सकी है. पुलिस ने इस मामले में दो अन्य युवकों से भी पूछताछ की थी.
वहीं सीओ संदीप सिंह ने बताया कि सुरजीत को कॉल डिटेल के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया गया था. उसे तीन दिन हिरासत में रखकर प्रताड़ित करने का आरोप गलत है. सुरजीत की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और दोनों मामलों की जांच की जा रही है.



