
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ODI सीरीज का आगाज हो चुका है। सीरीज का पहला मुकाबला ब्रिस्बेन के मशहूर गाबा मैदान पर खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 214 रन पर सिमट गई। कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने अर्धशतक जड़े। मंधाना ने 58 जबकि कप्तान हरमन ने 53 रनों की पारी खेली। काश्वी गौतम ने 43 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में एशले गार्डनर ने कमाल किया। उन्होंने 7 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
इससे पहले ODI सीरीज के आगाज के साथ ही ऑस्ट्रेलिया को 2 बड़े झटके लगे। एलिस पेरी और किम गार्थ दोनों ODI सीरीज से बाहर हो गए हैं, जबकि मेगन शट और बाएं हाथ की तेज गेंदबाज लूसी हैमिल्टन को टीम में शामिल किया गया है। एलिसा हीली इस सीरीज के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के लिए यह सीरीज काफी अहम होने वाली है। बता दें, भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आज तक कोई भी ODI सीरीज नहीं जीती है। दोनों टीमों के बीच अब तक 12 ODI सीरीज खेली जा चुकी हैं और हर बार ऑस्ट्रेलिया ने बाजी मारी है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम के पास इतिहास बदलने का सुनहरा मौका होगा।
प्लेइंग इलेवन
ऑस्ट्रेलिया महिला (प्लेइंग XI): एलिसा हीली (कप्तान), फोएबे लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी (विकेट कीपर), एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी मोलिनक्स, अलाना किंग, मेगन शट, डार्सी ब्राउन।
इंडिया महिला (प्लेइंग XI): स्मृति मंधाना, प्रतीक रावल, शैफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेट कीपर), दीप्ति शर्मा, काश्वी गौतम, श्री चरणी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर।



