उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची ठीक करने का काम लगातार जारी है. इस बीच मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने के लिए 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान कुल 5,59,178 आवेदन प्राप्त हुए. सभी 1.77 लाख बूथों पर विशेष कैंप लगाकर लोगों को फॉर्म6 बांटे गए और जमा किए गए. 17 अक्टूबर को 1,37,225 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 24 अक्टूबर को 4,21,953 लोगों ने फॉर्म6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया.

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में लोगों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया. विशेष अभियान में लोगों ने काफी जोश दिखाया. कुल 5,59,178 लाख लोगों ने मतदाता बनने के लिए फॉर्म6 भरा है.
BLO ने नागरिकों को दी जानकारी
रिणवा ने बताया कि प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ स्तर के अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहे और इस दौरान नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और दर्ज विवरण में संशोधन कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई और आवेदन प्राप्त किए गए.
नवदीप रिणवा ने की सराहना
उन्होंने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए हाथरस, गाजीपुर, संभल, कौशांबी, मथुरा, अमेठी और बाराबंकी के जिला निर्वाचन अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की. वहीं उन्होंने गाजियाबाद, बुलंदशहर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, हमीरपुर, अंबेडकरनगर, अमरोहा, मेरठ और गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों को इस दिशा में और प्रयास करने के निर्देश दिए.
लोगों से की नाम जांचने की अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से आगामी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा. उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की.
उन्होंने कहा कि नाम दर्ज नहीं होने पर फॉर्म6 और विवरण में सुधार के लिए फॉर्म8 भरा जा सकता है. पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए मतदाता सेवा पोर्टल और ECINET ऐप पर उपलब्ध बुक ए कॉल विद बीएलओ सुविधा का भी उपयोग किया जा सकता है.



