उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद चुनाव के नतीजों का इंतजार है. चारों राज्यों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 28 सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान हुआ था. अब 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी, जिसके बाद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा. इन 28 सीटों में उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 सीटें शामिल हैं. मतगणना के बाद साफ हो जाएगा कि बीजेपी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों में किसने बाजी मारी है. इन चुनावों के नतीजों पर सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं.

UP MLC Election 2026: किन 11 सीटों पर हुआ मतदान?
2026 में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ. इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. इन सीटों के लिए 27 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है. यह चुनाव बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है. सियासी नजरिए से इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है.
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- लखनऊ मंडल स्नातक
- वाराणसी मंडल स्नातक
- आगरा मंडल स्नातक
- मेरठ मंडल स्नातक
- इलाहाबादझांसी स्नातक
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
- लखनऊ मंडल शिक्षक
- वाराणसी मंडल शिक्षक
- आगरा मंडल शिक्षक
- मेरठ मंडल शिक्षक
- बरेलीमुरादाबाद मंडल शिक्षक
- गोरखपुरफैजाबाद मंडल शिक्षक
23 अक्टूबर को हुए मतदान में कुल 152 उम्मीदवार मैदान में थे और प्रदेश में 55.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 5 स्नातक एवं 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन2026 की मतगणना को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना मंगलवार, 27 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 08.00 बजे से प्रारंभ होगी.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि मतगणना के दौरान सभी मतगणना केंद्रों पर 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में ऑटो स्विच जनरेटर आदि की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से रखी जाए, ताकि मतगणना कार्य किसी भी परिस्थिति में बाधित न हो.
- लखनऊ स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रः स्नातक सीट की मतगणना रमाबाई रैली स्थल, लखनऊ के हॉल नंबर07 तथा शिक्षक सीट की मतगणना हॉल नंबर08 में की जाएगी.
- वाराणसी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रः स्नातक सीट की मतगणना स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन, वाराणसी के हॉल नंबर01 तथा शिक्षक सीट की मतगणना हॉल नंबर02 में की जाएगी.
- आगरा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रः स्नातक सीट की मतगणना नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टूंडला रोड, आगरा के हॉल नंबर01 तथा शिक्षक सीट की मतगणना हॉल नंबर02 में की जाएगी.
- मेरठ स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रः स्नातक सीट की मतगणना गांधी हॉल बिल्डिंग, सरदार वल्लभभाई पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, मोदीपुरम, मेरठ के हॉलB तथा शिक्षक सीट की मतगणना हॉलA में की जाएगी.
- इलाहाबादझांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रः मतगणना कोठारी हॉल, बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज, झांसी के हॉल नंबर01 में की जाएगी.
- बरेलीमुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रः मतगणना संजय कम्युनिटी हॉल, बरेली के हॉल नंबर01 में की जाएगी.
- गोरखपुरफैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रः मतगणना पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर की कॉमर्स बिल्डिंग के हॉल नंबर01 एवं हॉल नंबर02 में की जाएगी.
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर होगा भाग्य का फैसला
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनावी नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित होंगे. इनमें नागपुर, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर की स्नातक सीटें, जबकि पुणे और अमरावती की शिक्षक सीटें शामिल हैं। चुनाव में महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच मुकाबले के साथ ही बागी उम्मीदवारों ने भी कई सीटों पर समीकरण बदलने की चुनौती दी है।
पांचों सीटों पर कितना मतदान हुआ?
- नागपुर स्नातक सीट: 64.82%
- पुणे स्नातक सीट: 62.76%
- छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट: 59.12%
- पुणे शिक्षक सीट: 85.86%
- अमरावती शिक्षक सीट: 92.25%
अमरावती शिक्षक सीट पर सबसे ज्यादा मतदान हुआ, जबकि छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर मतदाताओं की भागीदारी सबसे कम रही.
किस सीट पर किसके बीच मुकाबला?
नागपुर स्नातक सीट: भाजपा के सुधाकर कोहले का मुकाबला कांग्रेस के अभिजीत वंजारी से है. भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सोले ने नाम वापस लेकर कोहले को समर्थन दिया.
पुणे स्नातक सीट: भाजपा की डॉ. स्मिता जाधव और एनसीपी की हर्षदा जाधवदेशमुख के बीच मुकाबला है। शिवसेना के सुनील मोदी समेत अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं.
छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट: अजित पवार गुट की एनसीपी के सतीश चव्हाण और शरद पवार गुट के उम्मीदवार के बीच मुकाबला है। यहां एनसीपी के दोनों गुटों की प्रतिष्ठा दांव पर है.
पुणे शिक्षक सीट: भाजपा के कौस्तुभ गावड़े और कांग्रेस के जयंत आसगांवकर प्रमुख उम्मीदवार हैं. निर्दलीय सचिन सानप को शिंदे गुट की शिवसेना का समर्थन मिलने से महायुति के भीतर मतभेद सामने आए.
अमरावती शिक्षक सीट: शिंदे गुट की शिवसेना के किरण सरनाईक और कांग्रेस की अदिति पोहरे के बीच मुकाबला है. भाजपा की बागी संगीता शिंदे समेत अन्य उम्मीदवारों की मौजूदगी भी चुनाव को अहम बनाती है.
नतीजों पर क्यों रहेगी नजर?
पांचों सीटों के परिणाम से पता चलेगा कि महायुति और महाविकास अघाड़ी में से किसका प्रदर्शन बेहतर रहा. साथ ही, बागी उम्मीदवारों को मिलने वाले मतों से यह भी स्पष्ट होगा कि गठबंधन के भीतर मतभेदों का चुनाव पर कितना असर पड़ा. मतगणना में प्राथमिकता वाले मतों की गिनती भी निर्णायक हो सकती है.
Bihar MLC Election 2026: बिहार की किन 8 सीटों पर हुआ मतदान?
बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों के लिए मतदान हुआ. इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. इन सीटों पर चुनाव लड़ने वाले विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतगणना के बाद होगा.
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- पटना स्नातक
- दरभंगा स्नातक
- तिरहुत स्नातक
- कोसी स्नातक
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
- पटना शिक्षक
- दरभंगा शिक्षक
- तिरहुत शिक्षक
- सारण शिक्षक
23 अक्टूबर को हुए मतदान में 150 उम्मीदवार मैदान में थे और 5,32,847 मतदाता पंजीकृत थे. राज्यभर में 933 मतदान केंद्र बनाए गए थे. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जिसके बाद सभी आठ सीटों पर विजयी उम्मीदवारों के नाम सामने आएंगे.
Karnataka MLC Election Result 2026: कर्नाटक की किन 4 सीटों पर हुआ मतदान?
कर्नाटक विधान परिषद चुनाव 2026 में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल चार सीटों के लिए मतदान हुआ. इनमें दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. इन सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद होगा.
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- कर्नाटक दक्षिणपूर्व स्नातक
- कर्नाटक पश्चिम स्नातक
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
- कर्नाटक उत्तरपूर्व शिक्षक
- बेंगलुरु शिक्षक
इन चारों सीटों पर कुल 43 उम्मीदवार मैदान में हैं. मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस और बीजेपीजेडीएस गठबंधन के बीच है. बीजेपी तीन सीटों पर, जबकि उसकी सहयोगी जेडीएस बेंगलुरु शिक्षक सीट पर चुनाव लड़ रही है. मतगणना के बाद सभी सीटों पर विजयी उम्मीदवारों के नाम सामने आएंगे.
इनपुटः विनोद जगदले


