
भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक अहम जीत अपने नाम की है। इस मुकाबले में टीम इंडिया को जीत की सख्त जरूरत थी और टीम इंडिया ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की।
भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को इस मुकाबले में 72 रनों से हराया, जहां पहले बल्लेबाजों ने एक विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों पर शिकंजा कस दिया। आइए जानते हैं इस मुकाबले में टीम इंडिया की जीत के 5 सुपर हीरो कौन रहे।
IND vs ZIM: भारतीय टीम की जीत के 5 हीरो
IND vs ZIM: हार्दिक पांड्या को मिला मैन ऑफ द मैच का खिताब
इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की पारी को बेहतरीन तरीके से फिनिश किया। उन्होंने बल्ले से नाबाद 23 गेंदों में 50 रन बनाए। उनकी पारी में 2 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
IND vs ZIM: अर्शदीप सिंह ने गेंद से किया कमाल
इस लक्ष्य का बचाव करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अर्शदीप सिंह ने भारत की ओर से कमाल की गेंदबाजी की, जहां उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में मात्र 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए।
IND vs ZIM: तिलक वर्मा की दमदार फिनिश
इस मुकाबले में टीम इंडिया की ओर से तिलक वर्मा एक नए रोल में नजर आए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा ने मात्र 16 गेंदों में 44 रनों की पारी खेलते हुए भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। उनकी पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
IND vs ZIM: अभिषेक शर्मा की शानदार वापसी
इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा की शानदार वापसी देखने को मिली। टूर्नामेंट में लगातार 3 पारियों में डक पर आउट होने के बाद उन्होंने इस मैच में बेहतरीन अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 30 गेंदों में 55 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी
सूर्यकुमार यादव ने इस मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेली, लेकिन आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अहम रन जोड़े। उन्होंने मात्र 13 गेंदों में 33 रन बनाए और टीम की रन गति को बनाए रखा।



