India

Pakistan Afghanistan War: पाकिस्तान का अफगानिस्तान के खिलाफ जंग का ऐलान, काबुल, कंधार पर भीषण बमबारी

Pakistan Afghanistan War: पाकिस्तान ने अफगान तालिबान के सीमा पर कथित हमलों के जवाब में सैन्य अभियान शुरू करते हुए दावा किया कि इस कार्रवाई में 130 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए हैं. अफगान तालिबान के कई सीमा चौकियों पर कथित तौर पर हमले करने के बाद गुरुवार देर रात ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ शुरू किया गया. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पुष्टि की कि यह ऑपरेशन अभी जारी है और कहा कि सशस्त्र बल अफगान तालिबान की आक्रामकता का कड़ा जवाब दे रहे हैं.

133 अफगान तालिबान लड़ाकों के मारे जाने का दावा

ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने बताया कि कम से कम 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए हैं. उन्होंने बताया, ‘काबुल, पकतिया और कंधार में अफगान तालिबान के रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया गया है और हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है.’ उनके अनुसार अफगान तालिबान शासन की कम से कम 27 चौकियां नष्ट कर दी गईं, जबकि 9 अन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया गया.

मंत्री ने बताया कि इस ऑपरेशन में 2 कोर मुख्यालय, 3 ब्रिगेड मुख्यालय, दो गोला-बारूद डिपो, एक लॉजिस्टिक बेस, 3 बटालियन मुख्यालय, दो सेक्टर मुख्यालय और 80 से अधिक टैंक, तोपें तथा बख्तरबंद वाहन नष्ट कर दिए गए हैं.

अफगान तालिबान के सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

सरकारी प्रसारणकर्ता ‘पीटीवी न्यूज’ ने बताया कि पाकिस्तान वायुसेना ने काबुल, कंधार और पकतिया में अफगान तालिबान के महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. इन हमलों में काबुल में 2 ब्रिगेड मुख्यालय और कंधार में एक कोर मुख्यालय तथा एक ब्रिगेड मुख्यालय नष्ट कर दिए गए.

पाकिस्तान के गृहमंत्री ने कही ये बात

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एक बयान में नागरिकों को निशाना बनाने के लिए अफगान तालिबान की निंदा की. गृह मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उनके हवाले से बताया कि पाकिस्तान की सशस्त्र सेनाओं ने अफगान तालिबान की खुली आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब दिया है. उन्होंने कहा, ‘कायर दुश्मन ने रात के अंधेरे में हमला किया. अफगान तालिबान ने निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की निंदनीय कोशिश की. पूरा देश सशस्त्र बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और इस हमले के गंभीर परिणाम होंगे.’

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भी कहा कि पाकिस्तान शांति और अपनी क्षेत्रीय अखंडता से कोई समझौता नहीं करेगा. उन्होंने कहा, ‘हमारी सशस्त्र सेनाओं की प्रतिक्रिया व्यापक और निर्णायक है. जो लोग हमारी शांति को कमजोरी समझते हैं, उन्हें कड़ा जवाब मिलेगा.’

हर आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा: शहबाज शरीफ

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी कहा कि पाकिस्तान की जनता और सशस्त्र बल देश की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हमेशा तैयार हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा कि सशस्त्र बल देश की सुरक्षा और शांति को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होने देंगे. हमारी सेनाएं किसी भी आक्रामक मंसूबे को कुचलने में पूरी तरह सक्षम हैं. अपने प्यारे वतन की रक्षा पर कोई समझौता नहीं होगा और हर आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.’

Rinku Singh Father Death: क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, स्टेज 4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे, नोएडा के अस्पताल में ली अंतिम सांस

The post Pakistan Afghanistan War: पाकिस्तान का अफगानिस्तान के खिलाफ जंग का ऐलान, काबुल, कंधार पर भीषण बमबारी appeared first on Jago India Jago.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply