CricketIndia

T20 WC 2026: इंग्लैंड की जीत से पाकिस्तान को मिली संजीवनी, जानें सेमीफाइनल में पहुंचने के क्या है समीकरण

 

T20 WC 2026, Pakistan qualification scenario: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जहां सेमीफाइनल की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है। सुपर-8 के ग्रुप में इंग्लैंड के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद दूसरी टीम का फैसला अभी बाकी है, जिससे अंक तालिका में समीकरण लगातार बदल रहे हैं।

इंग्लैंड द्वारा न्यूजीलैंड को हराने के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी जिंदा हो गई हैं। न्यूजीलैंड फिलहाल 3 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान अपने अंतिम मुकाबले में जीत दर्ज कर अंकों की बराबरी कर सकता है। हालांकि अंतिम फैसला नेट रन रेट पर निर्भर करेगा। आइए समझते हैं पूरा समीकरण।

T20 WC 2026: पाकिस्तान के लिए क्या है समीकरण

न्यूजीलैंड की हार के बाद पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। पाकिस्तान अपना अंतिम सुपर-8 मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ कैंडी में खेलेगा। इस मैच में पाकिस्तान को न सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि बड़ा अंतर भी जरूरी होगा, तभी वह नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ सकता है।

T20 WC 2026: कितने अंतर से जीत जरूरी?

स्टार स्पोर्ट्स के अनुसार, यदि पहली पारी का स्कोर 164–175 रन के बीच रहता है, तो पाकिस्तान को लक्ष्य का पीछा करते हुए 13.3 ओवर से पहले मैच जीतना होगा। वहीं यदि पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है, तो उसे कम से कम 64 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, तभी सेमीफाइनल की उम्मीदें मजबूत होंगी।

T20 WC 2026: सुपर-8 में पाकिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन

ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने 4 में से 3 मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन सुपर-8 चरण में टीम अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जबकि इंग्लैंड ने उन्हें हराकर उनकी स्थिति मुश्किल कर दी।

T20 WC 2026: इंग्लैंड बना ग्रुप टॉपर

ग्रुप 2 में इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। न्यूजीलैंड को हराने के बाद इंग्लैंड ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष स्थान भी पक्का कर लिया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply