CrimeIndiaTrending

यौन​​​ रोग के लक्षण सामने आते ही खुला ‘चौंकाने वाला मामला किशोरी को भरोसे में लेकर करता रहा दुष्कर्म’

यौन​​​ रोग के लक्षण सामने आते ही खुला ‘चौंकाने वाला मामला किशोरी को भरोसे में लेकर करता रहा दुष्कर्म’

दिल्ली: राजधानी के बुराड़ी इलाके में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 वर्षीय किशोरी के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए एक युवक ने पहले उससे दोस्ती की और फिर उसे डराकर अलग-अलग जगहों पर बुलाने लगा। किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। लंबे समय तक डर के कारण वह परिवार को कुछ नहीं बता सकी। अक्टूबर में तबीयत बिगड़ने और शरीर पर चकते उभरने के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में यौन संचारित संक्रमण का पता चला। इसके बाद किशोरी ने परिजनों को पूरी आपबीती बताई।

पीड़िता अपने परिवार के साथ दिल्ली के तिमारपुर इलाके में रहती है और सिविल लाइंस स्थित एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। उसकी मुलाकात इस साल फरवरी में स्नैपचैट के जरिए राहुल कटारिया नाम के युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वे सोशल मीडिया के साथ फोन पर भी संपर्क में रहने लगे।

होटल में बुलाकर किया दुष्कर्म, शिकायत करने पर धमकाया

पीड़िता के बयान के मुताबिक, मई महीने में राहुल ने उसे बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे बुराड़ी के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि घटना के बाद युवक ने किसी को इसकी जानकारी देने पर उसे बदनाम करने और आपत्तिजनक सामग्री सार्वजनिक करने की धमकी दी।

किशोरी के अनुसार, जुलाई में आरोपी ने उसे संत नगर स्थित एक मकान में दोबारा बुलाया और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया। डर और धमकियों के चलते वह चुप रही। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर युवक उसका शोषण करता रहा।

अस्पताल में जांच के बाद परिवार को बताई सच्चाई

अक्टूबर में किशोरी के शरीर पर चकते दिखाई देने लगे। परिजन उसे इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के दौरान यौन संचारित संक्रमण (STI) की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार ने उससे परेशानी की वजह पूछी तो उसने आरोपी के साथ हुई घटनाओं के बारे में बताया।

परिजनों की शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान होटल के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

गाजियाबाद के होटल में देह व्यापार का आरोप, तीन गिरफ्तार

इसी बीच दिल्ली से सटे गाजियाबाद के नवयुग मार्केट स्थित एक होटल में भी पुलिस ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार के मामले का खुलासा किया। नगर कोतवाली क्षेत्र के मेट्रो-दो होटल में 29 अक्टूबर को मिली सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। एसीपी उपासना पांडेय के नेतृत्व में टीम ने होटल में छापा मारा।

पुलिस के अनुसार, होटल के एक कमरे में मिली महिला ने आरोप लगाया कि रिसेप्शन पर मौजूद राहुल शर्मा और फरार आरोपी रविंद्र सिंह उसे जबरन देह व्यापार में धकेलने के लिए वहां लाए थे। दूसरी महिला ने भी रविंद्र सिंह पर उससे देह व्यापार कराने का आरोप लगाया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल के सफाईकर्मी बॉबी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी रविंद्र सिंह फरार बताया गया है। पुलिस दोनों महिलाओं के आरोपों की जांच कर रही है।

नोट: नाबालिग से जुड़े मामले में पीड़िता की पहचान और उससे संबंधित निजी विवरण गोपनीय रखना आवश्यक है। खबर में दर्ज आरोप पुलिस जांच और उपलब्ध जानकारी पर आधारित हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply