CrimeIndiaPunjabTrending

पटाखों​​​ के अवैध गोदाम में आग ने छीनी युवक की जिंदगी, खिड़की से मदद मांगता रहा साहिल; फिर ढह गई दीवार

पटाखों​​​ के अवैध गोदाम में आग ने छीनी युवक की जिंदगी, खिड़की से मदद मांगता रहा साहिल; फिर ढह गई दीवार

लुधियाना, पंजाब: फील्डगंज के कूचा नंबर-10 में पुलकित फैशन किंग के ऊपर बने पटाखों के गोदाम में लगी भीषण आग में युवक साहिल सभ्रवाल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जांच में सामने आया है कि जिस कमरे में भारी मात्रा में पटाखे और बारूद रखे गए थे, वहां रेडीमेड कपड़ों का स्टॉक भी जमा था। आग लगने के दौरान साहिल कमरे में फंस गया और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय साहिल इन्वर्टर देखने के लिए ऊपर कमरे में गया था। इसी दौरान वहां आग भड़क उठी और देखते ही देखते धुआं तथा लपटें पूरे कमरे में फैल गईं। साहिल अंदर ही फंसकर रह गया।

खिड़की से लगाता रहा बचाने की गुहार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग और घने धुएं से घिरे साहिल ने किसी तरह कमरे की खिड़की तक पहुंचकर नीचे खड़े लोगों से मदद मांगी। वह लोगों को आवाज देकर बचाने की गुहार लगा रहा था। नीचे मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने उसे खिड़की से कूदकर बाहर आने के लिए कहा और उसे हिम्मत बंधाने की कोशिश की।

लेकिन खिड़की से नीचे की दूरी देखकर साहिल घबरा गया और छलांग नहीं लगा सका। इसी बीच आग की तेज गर्मी से दीवार कमजोर होकर उसके ऊपर गिर पड़ी। वह मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

शनिवार को थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर साहिल का शव परिजनों को सौंप दिया। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना के विरोध और शोक में फील्डगंज तथा आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। बाद में गौशाला स्थित श्मशानघाट में गमगीन माहौल के बीच साहिल का अंतिम संस्कार किया गया।

अवैध पटाखा भंडारण की भी जांच

थाना डिवीजन नंबर-2 के एसएचओ इंस्पेक्टर गगनप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल धारा 174 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम करवाया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों, गोदाम में पटाखों और बारूद के भंडारण तथा संभावित लापरवाही की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने इलाके में सुरक्षा इंतजामों और कथित अवैध पटाखा भंडारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट और पुलिस के प्रारंभिक बयानों पर आधारित है। गोदाम में भंडारण और संभावित लापरवाही से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply