India

Israel Iran War : ईरान पर हमले को लेकर पीएम मोदी पर कांग्रेस के निशाना साधने के बाद भाजपा का पलटवार

Israel Iran War : नई दिल्ली। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर सैन्य हमले शुरू करने के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाने के लिए कांग्रेस की शनिवार को कड़ी आलोचना की और उसे “कायरों की सेना” करार दिया। भाजपा ने दावा किया कि हर संवेदनशील मामले पर “नकारात्मक टिप्पणी” करना विपक्षी दल की आदत बन गई है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं को मौजूदा स्थिति के बीच ‘बचकाना बयान’ देने से बचना चाहिए और मोदी सरकार पर भरोसा रखना चाहिए।

मोदी के पर निशाने को लेकर भाजपा का विपक्ष पर हमला

भाजपा की यह टिप्पणी कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश द्वारा ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करने के बाद आयी जिसमें उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल दौरे की खुशी मनाने के दो दिन बाद ही इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपना संयुक्त हमला शुरू कर दिया है। पिछले कुछ महीनों में उनके सैन्य जमावड़े को देखते हुए यह पूरी तरह अपेक्षित था।’’ उन्होंने कहा कि इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल जाने का निर्णय लिया, जहां उन्होंने उच्चतम स्तर की “नैतिक कायरता” का प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता रमेश ने कहा, “प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि भारत इजराइल के साथ खड़ा है और ऐसा कहने पर स्वयं को एक पुरस्कार भी दिलवा लिया।”

रमेश ने दावा किया कि यह इजराइल दौरा शर्मनाक था और अब तो यह और भी अधिक शर्मनाक प्रतीत होता है, क्योंकि युद्ध उन्हीं दो नेताओं द्वारा शुरू किया गया है जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी अपना अच्छा मित्र बताते रहे हैं। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “प्रधानमंत्री मोदी के दोस्त बेंजामिन नेतन्याहू ने अब ‘भारत के पुराने दोस्त’ ईरान पर हमला बोल दिया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल दौरे से लौटने के बमुश्किल दो दिन बाद हुआ है।” उन्होंने कहा, “रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के बारे में तमाम दिखावे के बाद, मोदी ने अपनी इज़राइल यात्रा का उपयोग इज़राइल और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए क्यों नहीं किया? या क्या वह इस युद्ध का समर्थन करते हैं?”

विपक्षी दल की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर, भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ‘कांग्रेस ‘नंगई’ पर उतर आयी है। यह कायरों की सेना है। किसी भी संवेदनशील घटनाक्रम पर नकारात्मक टिप्पणी करना कांग्रेस का स्वभाव बन गया है।’ उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि ‘इस तरह का युद्ध’ शुरू हो गया है। भाटिया ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘यह एक मजबूत (भाजपा के नेतृत्व वाली) सरकार है। यह भारत और उसके लोगों के हित में सभी निर्णय लेगी।’ उन्होंने कहा, ‘यदि कांग्रेस और राहुल गांधी वास्तव में स्वयं को भारतीय मानते हैं, तो उन्हें बचकानी टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उन्हें सरकार पर भी भरोसा रखना चाहिए।’

The post Israel Iran War : ईरान पर हमले को लेकर पीएम मोदी पर कांग्रेस के निशाना साधने के बाद भाजपा का पलटवार appeared first on Jago India Jago.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply