CrimeIndiaPunjabTrending

ऑस्ट्रेलिया​​​ से लौटने के दो दिन बाद पति ने की पत्नी की हत्या, बेटे को सामान लेने भेजकर वारदात को दिया अंजाम; शक बना वजह

ऑस्ट्रेलिया​​​ से लौटने के दो दिन बाद पति ने की पत्नी की हत्या, बेटे को सामान लेने भेजकर वारदात को दिया अंजाम; शक बना वजह

लुधियाना, पंजाब: पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर में एक व्यक्ति ने ऑस्ट्रेलिया से लौटने के महज दो दिन बाद अपनी पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। आरोप है कि उसने वारदात से पहले अपने बेटे को सामान लेने के बहाने घर से बाहर भेज दिया था। बेटा जब वापस लौटा तो मां का शव बेडरूम में खून से लथपथ पड़ा मिला। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान 49 वर्षीय कमलदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम रविंदर सिंह (50) बताया गया है। वह पिकअप वैन चलाता है। दंपती का छोटा बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है। कुछ समय पहले दोनों पति-पत्नी उससे मिलने विदेश गए थे। कमलदीप करीब चार महीने पहले भारत लौट आई थीं, जबकि रविंदर लगभग छह महीने ऑस्ट्रेलिया में रहने के बाद दो दिन पहले ही वापस आया था। उनका बड़ा बेटा गगनदीप सिंह भी उनके साथ रहता था।

बेटे को बाहर भेजने के बाद हुई वारदात

गगनदीप के मुताबिक, वह दो दिन पहले अपने पिता को अमृतसर एयरपोर्ट से घर लेकर आया था। शुरुआत में घर का माहौल सामान्य था। अगले दिन वह पिता को ब्लड प्रेशर की दवा दिलाने भी ले गया था।

रविवार शाम मां ने उसे दूध लाने और शीशा लगवाने के लिए बाहर भेजा। इसके बाद पिता ने उससे जूस लाने को भी कहा। गगनदीप जब सामान लेकर घर लौटा तो मां बेडरूम में जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थीं। उसने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।

परिवार के अनुसार, रविंदर अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर बहस होती रहती थी। बेटे को आशंका है कि पिता ने उसे घर से बाहर भेजने की योजना पहले से बनाई थी।

हत्या के बाद चाकू धोकर रसोई में रखा

जांच में सामने आया है कि कमलदीप पर चाकू से कई वार किए गए थे। आरोप है कि वारदात के बाद रविंदर ने चाकू धोकर रसोई में रख दिया और घर से बाहर निकल गया। बेटा जब अंदर पहुंचा तो उसने मां को संभालने की कोशिश की। इसके बाद कमलदीप को दीप अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पड़ोसन ने भी देखी वारदात के बाद की स्थिति

पड़ोसन नरिंदर कौर ने बताया कि वह गुरुद्वारे से लौट रही थीं, तभी रास्ते में उनकी मुलाकात रविंदर से हुई। उन्होंने उससे पूछा कि क्या वह विदेश से लौट आया है। जवाब देने के बाद रविंदर वहां से चला गया।

कुछ देर बाद जब नरिंदर कौर कमलदीप के घर के पास पहुंचीं तो मुख्य गेट खुला हुआ था। इलाके में पहले चोरी की घटनाएं होने के कारण उन्होंने आवाज लगाई। इसी दौरान उन्हें अंदर से गगनदीप के मां को पुकारने की आवाज सुनाई दी। बेटे ने बाहर आकर बताया कि उसकी मां की हत्या कर दी गई है। पड़ोसन के अनुसार, उस समय रविंदर को भी घर से बाहर जाते देखा गया।

पुलिस कर रही है हत्या की योजना और वजह की जांच

थाना दुगरी के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह के मुताबिक, कमलदीप के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए गए थे। शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को विवाद की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या से पहले पति-पत्नी के बीच क्या बातचीत या विवाद हुआ था, इसकी जांच जारी है।

पुलिस ने आरोपी रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि क्या उसने ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटने से पहले ही पत्नी की हत्या की योजना बना ली थी।

Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट और पुलिस के शुरुआती बयानों पर आधारित है। मामले में लगाए गए आरोपों और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की अंतिम पुष्टि जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply