Prayagraj NEET Student Suicide: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. झूंसी थाना क्षेत्र के त्रिवेणीपुरम इलाके में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. छात्रा की पहचान रितु शर्मा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक, रितु शर्मा मेडिकल की पढ़ाई करने के उद्देश्य से NEET की तैयारी कर रही थी. खास बात यह है कि उसका चयन काउंसिलिंग के तीसरे चरण में भी हो गया था. ऐसे में छात्रा के इस कदम से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया.
पिता की पिस्टल से मारी गोली
बताया जा रहा है कि छात्रा के पिता देवराज शर्मा सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं. उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसका इस्तेमाल कर रितु ने अपनी जान दे दी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर झूंसी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं. साथ ही घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी ली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया. आत्महत्या के पीछे किसी तरह का मानसिक तनाव, पारिवारिक कारण या अन्य वजह थी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस कर रही जांच
इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, रितु के आत्महत्या करने के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल झूंसी थाना पुलिस मामले की जांचपड़ताल में जुटी है. घटना से परिवार के साथसाथ स्थानीय क्षेत्र में भी शोक का माहौल है.



