CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

कानपुर​​​ में मामूली कहासुनी के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, चचेरी बहन से विवाद के बाद परिवार पर हमला करने का आरोप

कानपुर​​​ में मामूली कहासुनी के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, चचेरी बहन से विवाद के बाद परिवार पर हमला करने का आरोप

कानपुर, उत्तर प्रदेश: शहर के काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित मतैयापुरवा में सोमवार दोपहर हुए विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। आरोप है कि चचेरी बहन से कहासुनी के बाद उसके भाई रवि ने अपनी पत्नी और मां के साथ मिलकर 37 वर्षीय राकेश कुमार प्रजापति की लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मुख्य आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।

चचेरी बहन से हुई थी कहासुनी

जानकारी के मुताबिक, शास्त्री नगर के मतैयापुरवा निवासी राकेश कुमार प्रजापति मजदूरी करते थे। उनकी पत्नी मोनी घरों में काम करती हैं। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।

पत्नी मोनी ने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे राकेश नशे की हालत में घर लौटे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले उनके चचेरे भाई रवि की बहन सुमन अपने मायके आई हुई थी। किसी बात को लेकर राकेश और सुमन के बीच कहासुनी हो गई।

थप्पड़ मारने के बाद बढ़ा विवाद

बताया गया कि कहासुनी के दौरान सुमन ने राकेश को चार-पांच थप्पड़ मार दिए। शोर सुनकर उसका भाई रवि अपनी पत्नी अनीता और मां पप्पी के साथ मौके पर पहुंच गया।

आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर राकेश पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और लात-घूंसों से की गई पिटाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उनकी पत्नी मोनी को दी।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद राकेश को पड़ोसियों की मदद से एलएलआर अस्पताल ले जाया गया। बताया गया कि रवि भी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा था, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद राकेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मुख्य आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।

हत्या की सूचना मिलने पर डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव, थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

डीसीपी सेंट्रल के मुताबिक, मृतक की पत्नी की शिकायत पर रवि के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।

मोनी का आरोप है कि रवि शादी समारोहों में किराये पर जनरेटर देने का काम करता है और पहले भी मोहल्ले के लोगों से विवाद करता रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Satya Report: यह खबर उपलब्ध समाचार जानकारी और पुलिस के शुरुआती बयान पर आधारित है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply