CrimeIndia

​सट्टेबाजी ने कर्ज में डुबोया… तो चेन स्नैचर बन गया युवक, बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर हुआ गिरफ्तार

Telangana News: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी की लत और कर्ज के दबाव में आकर अपराध की राह चुनने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सट्टेबाजी में लाखों रुपये गंवाने के बाद कर्ज चुकाने के लिए एक शख्स ने YouTube पर वीडियो देखकर चेन स्नैचिंग की ट्रेनिंग ली और वारदात को अंजाम दे डाला. हैदराबाद की चारमीनार जोन टास्क फोर्स और सैदाबाद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला से छीनी गई 3.5 लाख मूल्य की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है.

​सट्टेबाजी ने कर्ज में डुबोया… तो चेन स्नैचर बन गया युवक, बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर हुआ गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद के बालापुर निवासी 34 वर्षीय मोहम्मद गौस पाशा को लंबे समय से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी की गंभीर लत थी. सट्टेबाजी में भारी रकम गंवाने के बाद उस पर साहूकारों और कर्जदारों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था. कम समय में ज्यादा पैसे कमाने और कर्ज उतारने के लिए उसने चेन स्नैचिंग करने की साजिश रची.

YouTube पर घंटों देखे वीडियो, बाइक से भागने और स्नैचिंग के सीखे तरीके

आरोपी पाशा ने यूट्यूब पर घंटों ऐसे वीडियो देखे जिनमें चेन कैसे छीनी जाती है और वारदात के बाद बाइक से तेजी से कैसे भागा जाता है. यूट्यूब से ट्रेनिंग लेने के बाद उसने सैदाबाद के करणबाग इलाके में अकेले घूम रही 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला मीनाक्षी की रेकी की. वह बाइक से पास पहुंचा और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीनकर रफूचक्कर हो गया.

CCTV फुटेज से खुला राज, 3.5 लाख की चेन और बाइक जब्त

पीड़िता की शिकायत के बाद सैदाबाद पुलिस और चारमीनार जोन टास्क फोर्स ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.5 लाख कीमत की सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त कर लिया है. हैदराबाद पुलिस ने नागरिकों को ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के ऐप्स के जानलेवा चक्रव्यूह से दूर रहने की हिदायत दी है. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 100 पर देने का आग्रह किया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply