Sivasagar Police Encounter Today: असम के शिवसागर जिले में बुधवार तड़के एक बड़ी पुलिस मुठभेड़ की घटना सामने आई है. गुवाहाटी के प्रसिद्ध ‘होटल बिलास इन’ में हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी मामले का मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कस्टडी से भागने की नीयत से पुलिस टीम पर हमला किया था, जिसके जवाब में हुई आत्मरक्षात्मक फायरिंग में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना में पुलिस टीम का एक सबइंस्पेक्टर भी घायल हुआ है.

पुलिस टीम आरोपी घनकांत गोगोई को गुवाहाटी से शिवसागर ले जा रही थी. तड़के करीब 3:10 बजे फूलपनिचिगा इलाके में रोंगमोन ढाबा के पास आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की. आरोपी के हमले के जवाब में पुलिस को गोलियां चलानी पड़ीं. गोली लगने से गोगोई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत शिवसागर के जॉयसागर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
शिवसागर टाउन थाने के सबइंस्पेक्टर घायल
आरोपी द्वारा अचानक किए गए इस हमले में शिवसागर टाउन थाने में तैनात सबइंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा भी घायल हो गए हैं. उनका इलाज कराया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. घनकांत गोगोई गुवाहाटी के होटल बिलास इन में हुई हाईप्रोफाइल शूटिंग की घटना का मुख्य अभियुक्त था और पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी.
क्या था होटल विलास इन गोलीकांड?
गुवाहाटी के जीएस रोड पर स्थित बोरा सर्विस इलाके के ‘होटल विलास इन’ में 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे संपत्ति और लीज विवाद को लेकर अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी. इस गोलीबारी में 5 लोगों की मौके पर या अस्पताल में मौत हो गई थी. मृतकों में भूदेव भराली , हेलेना भराली , देवर्षि कश्यप , रिनिकी कश्यप और नारायण दास शामिल थे. इनमें से 4 लोग होटल मालिक के परिवार से थे. एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुआ.



