Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रसूलपुर मोहल्ले में 10 साल पुरानी लव मैरिज का खौफनाक अंत सामने आया है. चरित्र पर शक और तीसरे शख्स की एंट्री को लेकर हुए विवाद में पति संदीप ने अपनी पत्नी सीमा की निर्मम हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपनी 8 साल की मासूम बेटी सिद्धि को छोड़कर और घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और क्षेत्राधिकारी नगर आफताब आलम ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए.
ससुर को फोन कर बोला “पत्नी को मार दिया है”
मृतका के पिता धर्मेश ने बताया कि उनकी बेटी सीमा और ऑटो चालक संदीप ने करीब 10 साल पहले कोर्ट मैरिज की थी. दोनों काम के सिलसिले में लखनऊ आतेजाते रहते थे. आरोपी पति संदीप ने हत्या करने के बाद रात में अपने ससुर धर्मेश को फोन किया. उसने फोन पर बताया कि उनका आपस में विवाद हुआ था और उसने सीमा की हत्या कर शव बीच वाले कमरे में छोड़ दिया है. करीब सात घंटे बाद जब मृतका के पिता मौके पर पहुंचे, तो घर में ताला लगा मिला. इसके बाद सभासद पति बृजेश की मदद से डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई.
“गैरमर्द का था आनाजाना…”: सास ने लगाया आरोप
संदीप की मां ने बताया कि बेटे ने अपनी मर्जी से सीमा से शादी की थी, लेकिन आए दिन होने वाले विवादों के कारण परिवार ने उनसे दूरी बना ली थी. उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप की अनुपस्थिति में घर पर एक बाहरी शख्स का आनाजाना था, जिसको लेकर पतिपत्नी के बीच अक्सर भारी झगड़ा होता था. कुछ दिन पहले भी विवाद होने पर सीमा अपने मायके चली गई थी, लेकिन बाद में वापस लौट आई थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी शक और तीसरे शख्स के विवाद ने हत्याकांड का रूप ले लिया. आरोपी के सौतेले बड़े भाई वीरेंद्र ने बताया कि विवाद की पूरी वजह उन्हें नहीं पता थी, लेकिन कुछ दिन पहले संदीप से अनबन के कारण उनकी बातचीत बंद थी.
8 साल की मासूम बेटी पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस तलाश में जुटी
दंपती की 8 साल की बेटी सिद्धि है, जो अक्सर पास में ही रहने वाली अपनी दादी के घर पर रहती थी. घटना के वक्त बच्ची मौके पर थी या नहीं, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है. शहर कोतवाली पुलिस ने मृतका सीमा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी पति संदीप की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.



