
मीरापुर, उत्तर प्रदेश: मुजफ्फरनगर के मीरापुर कस्बे में प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहे विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। यहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसियों पर मारपीट करने और जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया है। युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना मीरापुर के मोहल्ला सरायगेट की है। मृतक की पहचान मोनू के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार दोपहर पड़ोसी हर्ष और उसके भाइयों के साथ मोनू का विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे 24 घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी दी थी।
मारपीट के बाद जहर देने का आरोप
मृतक के चाचा सोनू कश्यप के मुताबिक, विवाद की शुरुआत नानखटाई की ठेली पर हुई थी। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग ईंट लेकर मोनू के घर पहुंचे। जान बचाने के लिए मोनू घर के अंदर छिप गया था।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार देर रात आरोपियों ने मोनू को पकड़कर जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। कुछ समय बाद वह खतौली रोड पर कोल्ड स्टोर के पास बदहवास हालत में मिला। बताया गया कि मोनू ने अपनी चचेरी बहन को फोन करके जहर दिए जाने की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। वहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपियों के घर के बाहर शव रखकर किया हंगामा
बुधवार तड़के करीब चार बजे परिजन मोनू का शव लेकर मीरापुर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के घर के बाहर शव रखकर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहती थी, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले शव उठाने को तैयार नहीं थे। काफी समझाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शव लेकर थाने पहुंच गए। वहां भी शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। परिजनों ने कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही। बाद में पुलिस ने एक आरोपी के पिता को हिरासत में लिया और अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद हंगामा शांत हुआ। देर शाम पुलिस की मौजूदगी में युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
मृतक के पिता मुन्ना की शिकायत पर पुलिस ने हर्ष, तुषार, मंगलसैन, अक्षय, ललित, चिराग और राजन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सीओ ऋषिका सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया।
मामले को लेकर मोहल्ले में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मृतक और नामजद आरोपियों के घर आसपास होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में बल तैनात किया है।
पहले भी मारपीट किए जाने का आरोप
मृतक की चचेरी बहन पूजा और चचेरे भाई मनीष ने पुलिस को बताया कि मोनू के साथ पहले भी कई बार मारपीट की गई थी। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसकी हथौड़े से पिटाई भी की गई थी। उन्होंने पुराने विवादों का हवाला देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों में था विवाद
परिजनों के अनुसार, मोनू का नाम पड़ोस में रहने वाले परिवार की एक युवती से जुड़ा था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। परिवार का यह भी आरोप है कि कुछ दिन पहले युवती ने मोनू को कोटद्वार बुलाया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई थी।
हालांकि, प्रेम प्रसंग और कोटद्वार में हुई कथित मारपीट से जुड़े आरोपों की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Satya Report Disclaimer: इस खबर में हत्या और मारपीट से जुड़े आरोप परिजनों की शिकायत पर आधारित हैं। मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियों से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।



