Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए संदिग्ध विस्फोट मामले में एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ आया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘गाजी 2’ नाम के एक अकाउंट से पोस्ट कर आतंकी संगठन तहरीकउलमुजाहिदीन ने इस धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. इसी अकाउंट से पुलिस चौकी को उड़ाने की धमकी भरी पोस्ट भी की गई थी. हालांकि, गाजियाबाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस वायरल पोस्ट की सत्यता और साइबर ट्रेल की गहनता से जांच कर रही हैं.

एक्स पर ‘गाजी 2’ नाम के हैंडल से की गई पोस्ट में दावा किया गया कि वसुंधरा पुलिस चौकी को निशाना बनाने के पीछे प्रतिबंधित संगठन तहरीकउलमुजाहिदीन का हाथ है. पुलिस चौकी के अंदर हुए धमाके के बाद इस तरह के आतंकी दावे वाली पोस्ट सामने आते ही यूपी पुलिस, साइबर सेल और एंटीटेररिस्ट स्क्वाड पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं. पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि यह पोस्ट किसी असामाजिक तत्व की अफवाह या शरारत तो नहीं है, या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश है.
रात 10 बजे गूंजा था धमाका, खिड़कियांAC क्षतिग्रस्त, डिलीवरी बॉय गंभीर
चश्मदीदों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर अचानक एक तेज विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी. धमाके का प्रभाव इतना जोरदार था कि चौकी के दरवाजे, खिड़कियां और एसी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के वक्त चौकी में एक सबइंस्पेक्टर और खाना डिलीवर करने आया 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल मौजूद थे. शीशे के तेज टुकड़े लगने से विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
फॉरेंसिक जांच जारी; CCTV फुटेज खंगाल रहे आला अधिकारी
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबलि मौर्य ने बताया कि चौकी के भीतर अचानक विस्फोट हुआ है. ब्लास्ट किसी उपकरण, विस्फोटक या किस सामग्री से हुआ, इसका सटीक कारण विस्तृत फॉरेंसिक और तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा. फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से विस्फोटक के अवशेष और नमूने एकत्र किए हैं. इसके अलावा, पुलिस चौकी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना से पहले या बाद की किसी भी संदिग्ध गतिविधि का सुराग मिल सके.



