
मोहाली, पंजाब: मोहाली के गांव बलियाली में आम आदमी पार्टी (AAP) की मौजूदा पार्षद के पति से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना बलौंगी पुलिस ने आरजू समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह चहल गांव बलियाली के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी वार्ड नंबर-45 से पार्षद हैं। पत्नी के राजनीतिक और अन्य कामकाज की जिम्मेदारी भी वह संभालते हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड के पास गांव बलियाली क्षेत्र में उनकी 11 एकड़ पुश्तैनी जमीन है, जिसकी देखरेख वह अपने बेटे के साथ करते हैं।
विदेशी नंबर से बार-बार आई कॉल
गुरप्रीत सिंह के अनुसार, 4 अक्टूबर को वह फेज-9 स्थित हॉकी स्टेडियम में मैच देख रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसे उन्होंने काट दिया। कुछ देर बाद उसी नंबर से दोबारा फोन आया। उन्होंने कॉल उठाई, लेकिन दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।
शिकायत में बताया गया कि उसी शाम करीब साढ़े छह बजे एक अन्य नंबर से भी व्हाट्सएप कॉल आई, लेकिन उन्होंने उसे रिसीव नहीं किया।
बेटे को फोन कर दी गई 2 करोड़ की धमकी
कुछ मिनट बाद गुरप्रीत के बेटे ने उन्हें फोन कर बताया कि उसके पास भी एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। फोन करने वाले ने पहले पूछा कि क्या वह गुरप्रीत चहल का बेटा बोल रहा है। बेटे के हां कहने पर उसने कहा कि उसका पिता बार-बार फोन काट रहा है।
इसके बाद कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा आरजू बताया और बेटे से कहा कि वह अपने पिता को 2 करोड़ रुपये तैयार रखने के लिए कहे। शिकायत के मुताबिक, रकम नहीं देने पर गुरप्रीत सिंह को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद बेटे ने कॉल काटकर संबंधित नंबर ब्लॉक कर दिया।
पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
धमकी मिलने के बाद गुरप्रीत सिंह चहल ने थाना बलौंगी में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरजू समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान, विदेशी नंबरों और धमकी भरे फोन के पीछे शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट पर आधारित है। मामले में आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया से होगी।



