
इजरालय में गादी आइजेनकोट ने बेंजामिन नेतन्याहू को खास ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि लिकुड और उसकी साथी पार्टियां यहूदी एकता की बात कर रही थी। अब समझ नहीं आता कि वह हमारी सरकार में हिस्सा क्यों नहीं ले रही हैं।
इजरायल में बेंजामिन नेतन्याहू का कार्यकाल समाप्ति की ओर है। राष्ट्रपति हार्जोग ने याशार पार्टी के नेता गादी आइजेनकोट को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर दिया है। इस फैसले से सबसे बड़ा झटका नेतन्याहू को लगा है। क्योंकि वह चुनाव परिणाम आने के बाद लगातार यहूदी एकता की बात करते हुए विपक्षी पार्टियों को अरब पार्टियों से दूर रखने की वकालत कर रहे थे। अब सत्ता की चाबी हाथ में आने के बाद आइजेनकोट ने नेतन्याहू की इन बातों का जवाब देते हुए सरकार में शामिल होने का ऑफर दे दिया है। उन्होंने कहा कि यदि बात यहूदी एकता की है, तो सरकार में शामिल हो जाइए।
राष्ट्रपति हार्जोग द्वारा सत्ता की चाबी दिए जाने के बाद आइजेनकोट ने नेतन्याहू और दक्षिण पंथी नेता और बीबी की सरकार में वित्त मंत्री स्मोट्रिक की बातों का जवाब दिया। उन्होंने कहा, “अगर लिकुड पार्टी और धार्मिक यहूदी पार्टी के लोग सच में एकता की बात करते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से भी ऐसा ही कहा है। तो मुझे समझ नहीं आता कि आखिर वह मेरे नेतृत्व में बनने वाली सरकार में शामिल क्यों नहीं हो रहे हैं।” इसके साथ ही आइजेनकोट ने नेतन्याहू समेत अन्य नेताओं को सरकार में शामिल होने का ऑफर भी दे दिया।
आइजेनकोट का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब राष्ट्रपति हार्जोग ने उन्हें बहुमत साबित करने और सरकार बनाने के लिए 6 दिन का समय दिया है। इसमें आइजेनकोट को अपने समर्थकों के साथ लंबी और पेचीदा बातचीत के जरिए गठबंधन तैयार करना होगा। इसके बाद वह अपना बहुमत साबित करके आधिकारिक तौर पर नेतन्याहू को सत्ता से बेदखल कर देंगे।
नेतन्याहू लगातार दे रहे थे यहूदी एकता की दुहाई
इजरायल में अरब पार्टियों के किंगमेकर बनकर उभरने के बाद नेतन्याहू लगातार विरोधी पार्टियों को अपने खेमे में करने की जुगत में थे। हालांकि, चुनाव से पहले गादी आइजेनकोट और नेतन्याहू दोनों ही अरब पार्टियों के साथ जाने से इनकार कर चुके थे। लेकिन अरब पार्टियों की 19 सीटों ने हालात ऐसे बदले की वह किंगमेकर की भूमिका में आ गए। इन पार्टियों की नेतन्याहू के साथ 36 का आंकड़ा है। ऐसे में नेतन्याहू के साथ इनका जाना थोड़ा मुश्किल था। लेकिन आइजेनकोट इस मामले में नए हैं, तो अरब पार्टियों ने उन पर दाव लगाया।
गादी आइजेनकोट और अरब पार्टियों के गठबंधन की खबर सामने आते ही नेतन्याहू ने इसे इजरायल के अस्तित्व के लिए खतरा करार दिया। उन्होंने दावा किया कि अगर अरब पार्टियों के समर्थन से सरकार बनती है, तो वह इजरायल के राष्ट्रीय हितों को पूरा नहीं कर पाएगी और इन अरब पार्टियों की कठपुतली बनकर रह जाएगी। इसी दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों से भी यहूदी एकता की बात करते हुए उनके नेतृत्व की सरकार में शामिल होने की अपील की थी। लेकिन अब राष्ट्रपति हार्जोग के फैसले के बाद मामला बदल चुका है। गादी आइजेनकोट के पास सरकार बनाने का मौका है, देखना होगा कि क्या नेतन्याहू आइजेनकोट के नेतृत्व में सत्ता हासिल करते हैं या विपक्ष में रहते हैं।



