दिवाली का त्योहार आते ही नौकरीपेशा लोगों को सबसे ज्यादा इंतजार छुट्टियों का रहता है. परिवार के साथ समय बिताना, घर जाना, खरीदारी करना और त्योहार की तैयारियां करना हर कर्मचारी के लिए खास होता है. अब कंपनियां भी कर्मचारियों की इस जरूरत को समझते हुए दिवाली की छुट्टियां बढ़ाने पर विचार कर रही हैं. कई कंपनियां कर्मचारियों को पहले के मुकाबले लंबा फेस्टिव ब्रेक देने की दिशा में कदम उठा रही हैं. इस बदलाव के पीछे सिर्फ कर्मचारियों को खुश रखना ही मकसद नहीं है, बल्कि वर्कलाइफ बैलेंस, कर्मचारी संतुष्टि और बेहतर वर्कप्लेस कल्चर को बढ़ावा देना भी है.

किन कंपनियों ने कितने दिन की छुट्टी दी?
इस साल कंपनियों ने कर्मचारियों के लिए 3 से 9 दिनों तक के फेस्टिव ब्रेक की व्यवस्था की है. अलगअलग कंपनियों ने अपने बिजनेस शेड्यूल और कर्मचारियों की जरूरतों के हिसाब से छुट्टियां तय की हैं.
- एम्बेसी ग्रुप: रियल एस्टेट कंपनी Embassy Group ने अपने करीब 2,000 कर्मचारियों को 7 से 15 नवंबर तक लगातार 9 दिनों की छुट्टी दी है. कंपनी का कहना है कि यह उसकी पुरानी परंपरा है. कंपनी की People First नीति के तहत कर्मचारियों को परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए पर्याप्त समय दिया जाता है.
- कैशकरो: कैशबैक और कूपन प्लेटफॉर्म CashKaro ने अपने करीब 320 कर्मचारियों को 6 से 11 नवंबर तक लगातार 6 दिनों की छुट्टी दी है. कंपनी की कोफाउंडर स्वाति भार्गव ने ईटी की रिपोर्ट में कहा कि दिवाली के दौरान फेस्टिव सेल का काम काफी व्यस्त रहता है. सेल खत्म होने के बाद कर्मचारियों को छुट्टी दी जाती है, ताकि वे परिवार के साथ समय बिता सकें और काम पर नई ऊर्जा के साथ लौटें.
- मिंत्रा: फैशन ईकॉमर्स कंपनी Myntra ने अपने कर्मचारियों के लिए 9 और 10 नवंबर को दो दिन की अतिरिक्त छुट्टी का ऐलान किया है. यह छुट्टी कंपनी के Big Fashion Festival के खत्म होने के बाद दी जा रही है. कंपनी का उद्देश्य फेस्टिव सेल के दौरान कर्मचारियों की मेहनत को पहचान देना और उन्हें त्योहार का आनंद लेने का मौका देना है. इसके अलावा Myntra कर्मचारियों के लिए हेल्थ चेकअप, मसाज सेशन और फाइनेंशियल वेलनेस सेशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है.
- एस्पेक्ट ग्लोबल: कंपनी ने अपने लगभग 2,300 कर्मचारियों के लिए 8 से 11 नवंबर तक चार दिन का फेस्टिव ब्रेक रखा है. कंपनी कर्मचारियों को अपनी बची हुई छुट्टियों के साथ इस ब्रेक को जोड़ने की सुविधा भी दे रही है. हालांकि, इसके लिए कामकाज की जरूरत और मैनेजमेंट की मंजूरी जरूरी होगी.
- जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया: कंपनी ने भी कर्मचारियों के लिए छुट्टियों को इस तरह व्यवस्थित किया है कि उन्हें लगातार तीन दिनों का ब्रेक मिल सके. कंपनी के डायरेक्ट और इनडायरेक्ट रोल में 8,000 से ज्यादा कर्मचारी जुड़े हैं. कंपनी ने अपने ऑफिसों में कर्मचारियों के लिए साथ मिलकर भोजन करने और त्योहार से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन भी किया है.
- फिडेलिटी इंटरनेशनल: कंपनी ने ने टीम के सदस्यों को एक साथ लाने के लिए कंपनी की ओर से गेटटुगेदर, ऑफिस सेलिब्रेशन, खास फूड मेन्यू और सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया है. इसका फोकस सिर्फ छुट्टी देने पर नहीं, बल्कि कर्मचारियों के बीच आपसी जुड़ाव और त्योहार की खुशियां साझा करने पर भी है.
कंपनियां क्यों बढ़ा रही हैं दिवाली की छुट्टियां?
- वर्कलाइफ बैलेंस पर जोर: कंपनियां समझ रही हैं कि कर्मचारियों की जिंदगी सिर्फ ऑफिस और काम तक सीमित नहीं है. त्योहारों पर परिवार के साथ समय बिताना भी जरूरी है.
- कर्मचारियों की थकान दूर करना: दिवाली से पहले ईकॉमर्स, रिटेल और दूसरी कंपनियों में काम का दबाव बढ़ जाता है. ऐसे में सेल और बिजनेस सीजन खत्म होने के बाद छुट्टी देने से कर्मचारी आराम कर सकते हैं.
- बेहतर टैलेंट को कंपनी से जोड़ना: अच्छी छुट्टियां और कर्मचारी सुविधाएं कंपनियों को बेहतर वर्कप्लेस बनाने में मदद करती हैं. इससे कर्मचारियों की संतुष्टि और कंपनी के प्रति जुड़ाव बढ़ सकता है.
- कर्मचारियों को घर जाने का मौका: देश के अलगअलग शहरों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए दिवाली पर अपने घर पहुंचना आसान नहीं होता. लंबी छुट्टियों से उन्हें यात्रा और परिवार के साथ त्योहार मनाने का पर्याप्त समय मिलता है.
क्या सभी कर्मचारियों को मिलेगी लंबी छुट्टी?
ऐसा नहीं है कि हर कंपनी अपने सभी कर्मचारियों को एक जैसी छुट्टी दे रही है. छुट्टियां कंपनी की पॉलिसी, कामकाज और कर्मचारियों की भूमिका पर निर्भर करती हैं. खासतौर पर ईकॉमर्स, डिलीवरी, मैन्युफैक्चरिंग और कस्टमर सर्विस जैसे सेक्टर्स में त्योहारों के दौरान भी काम जारी रखना पड़ता है. ऐसे में कुछ कंपनियां अतिरिक्त भुगतान, दूसरी तारीख पर छुट्टी या शिफ्ट में लचीलापन देने जैसे विकल्प अपनाती हैं. उदाहरण के लिए, कंपनियां त्योहार के दिन काम करने वाले कर्मचारियों को अतिरिक्त कमाई का मौका भी दे रही हैं.



