डाबर इंडिया महंगाई के असर को कम करने के लिए अपने कई प्रोडक्ट्स की कीमतों में धीरेधीरे बढ़ोतरी कर सकती है. कंपनी का कहना है कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण लागत पर दबाव बढ़ रहा है. ऐसे में डाबर कीमतों में सीमित बढ़ोतरी के साथ खर्च कम करने और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बिक्री बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही है. कंपनी का लक्ष्य मुनाफे को बनाए रखने के साथ कारोबार की रफ्तार को भी बढ़ाना है.

डाबर इंडिया के सीईओ हर्जीत भल्ला ने हाल ही में निवेशकों के साथ बातचीत में बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. इसका असर कंपनी की सप्लाई चेन और उत्पादन लागत पर पड़ रहा है. इस स्थिति से निपटने के लिए कंपनी अपने पूरे प्रोडक्ट पोर्टफोलियो की समीक्षा कर रही है. इसमें कीमतों में जरूरत के हिसाब से बढ़ोतरी, खर्च में कटौती और प्रोडक्ट मिक्स को बेहतर बनाना शामिल है. भल्ला के मुताबिक, कंपनी उन प्रोडक्ट्स पर ज्यादा ध्यान देगी जिनसे अच्छा मुनाफा मिलता है. साथ ही, जहां कीमतों को लेकर बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा है, वहां कंपनी ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए अपने दाम तय करेगी.
प्रमुख ब्रांड्स पर जारी रहेगा निवेश
डाबर अपने प्रमुख ब्रांड्स पर निवेश भी जारी रखेगी. कंपनी के कुल कारोबार में इन मुख्य ब्रांड्स की हिस्सेदारी करीब 60 फीसदी है. कंपनी का मानना है कि इन ब्रांड्स को मजबूत बनाने से ग्राहकों के बीच उनकी पहचान और मांग बढ़ेगी. इसके अलावा विज्ञापन और प्रचार पर होने वाले खर्च का बेहतर इस्तेमाल करने की योजना है. चुनिंदा ब्रांड्स और कैटेगरी में ग्राहकों तक पहुंचने वाले विज्ञापनों पर निवेश 150 से 200 बेसिस पॉइंट तक बढ़ाया जा सकता है.
सितंबर तिमाही में 10.7% बढ़ा कारोबार
वित्त वर्ष 202627 की सितंबर तिमाही में डाबर के भारतीय एफएमसीजी कारोबार में 10.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसमें बिक्री की मात्रा यानी वॉल्यूम ग्रोथ 5.5 फीसदी रही, जबकि कीमतों में बढ़ोतरी से 5.2 फीसदी की वृद्धि हुई. कंपनी अपने कारोबार में गैरजरूरी खर्च कम करके बचत को नए उत्पादों, ब्रांड बनाने और मार्केटिंग पर खर्च करना चाहती है. इसके लिए डाबर अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री और मुनाफे की लगातार समीक्षा करेगी. जिन उत्पादों से कम कमाई हो रही है, उनमें सुधार किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर कुछ प्रोडक्ट्स को बंद करने का फैसला भी लिया जा सकता है.
200 करोड़ रुपए तक बचत का लक्ष्य
डाबर ने अपने ‘समृद्धि’ कॉस्ट एफिशिएंसी प्रोग्राम के तहत अब तक करीब 115 करोड़ रुपए की बचत की है. कंपनी आगे चलकर इसके जरिए 170 से 200 करोड़ रुपए तक की बचत करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. कंपनी के सीएफओ अंकुश जैन के मुताबिक, उत्पादन प्रक्रिया में सुधार, बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और सप्लाई चेन में दक्षता बढ़ाकर लागत कम की जाएगी.



