IndiaUttar Pradesh

​इटावा में युवक की संदिग्ध मौत, बेड पर मिला शव… मां बोली- 300 रुपये ऑटो किराए के लिए मार डाला

Etawah Crime News: यूपी में इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार रात करीब 8 बजे 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे के अंदर बेड पर पड़ा मिला. मृतक की पहचान शिवम वर्मा पुत्र स्वर्गीय मुकेश वर्मा निवासी ब्लॉक 9/139 के रूप में हुई है. वह आभूषण बनाने का काम करता था. शव मिलने के बाद उसकी मां ने कॉलोनी निवासी ऑटो चालक अजय पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.

​इटावा में युवक की संदिग्ध मौत, बेड पर मिला शव… मां बोली- 300 रुपये ऑटो किराए के लिए मार डाला

मां का कहना है कि महज 300 रुपये के बकाया ऑटो किराए को लेकर हुए विवाद में पहले बेटे के साथ मारपीट की गई और अब उसकी हत्या कर दी गई. मृतक की मां पीआरडी जवान अवलेश वर्मा ने बताया कि शिवम की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी. इसी वजह से वह करीब तीन दिन पहले बेटे को झाड़फूंक कराने के लिए मैनपुरी में एक बाबा के पास लेकर गई थीं. इसके लिए उन्होंने कांशीराम कॉलोनी निवासी ऑटो चालक अजय का ऑटो 2,000 रुपये में बुक किया था. यात्रा के बाद उन्होंने अजय को 1,700 रुपये दे दिए थे और बाकी 300 रुपये बाद में देने की बात कही थी.

300 रुपये को लेकर हुआ था विवाद

अवलेश के मुताबिक, अगले दिन ऑटो चालक अजय बकाया 300 रुपये मांगने के लिए शिवम के पास पहुंचा था. इस पर शिवम ने उससे कहा कि बाकी रुपये उसकी मां से ले लेना. आरोप है कि इसी बात को लेकर अजय नाराज हो गया और शिवम के साथ मारपीट करने लगा. इस दौरान उसने शिवम के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी.

मारपीट की घटना के बाद शिवम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था. उसकी मां अवलेश वर्मा ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर अजय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. मां का आरोप है कि पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने के बावजूद आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. अब बेटे की मौत के बाद उन्होंने उसी ऑटो चालक पर हत्या करने का आरोप लगाया है.

ताला तोड़कर अंदर पहुंची मां

अवलेश वर्मा ने बताया कि वह पीआरडी में तैनात हैं और दूसरी जगह रहती हैं. सोमवार से उनकी बेटे शिवम से बातचीत नहीं हुई थी. उन्होंने बेटे को रोजगार से जोड़ने के लिए एक दुकान भी किराए पर देखी थी, जिससे वह अपना कारोबार शुरू कर सके. मंगलवार को उन्होंने पड़ोसियों से बातचीत कर शिवम के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. काफी तलाश के बाद जब शिवम के कमरे का ताला तोड़कर अंदर देखा गया तो वह बेड पर मृत अवस्था में पड़ा था.

पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव

शिवम के दोनों हाथों में कपड़ा बंधा हुआ था. बेटे का शव देखकर मां के होश उड़ गए. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. मां ने आरोप लगाया कि अजय ने ही उनके बेटे की हत्या की है और पहले हुई मारपीट की घटना भी इसी विवाद से जुड़ी थी. सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के मुताबिक, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था.

मृतक की मां ने हत्या की आशंका जताते हुए एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मौत का कारण स्पष्ट होगा. इसके बाद जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply