India

​टेस्ला के बाद चीन ने बनाई उड़ने वाली कार, अगले साल शुरू हो सकता है सफर, इतनी होगी कीमत

एलन मस्क की टेस्ला ने कुछ दिन पहले ही अपनी पहली फ्लाइंग कार दिखाकर दुनिया का चौंकाया था और अब चीन भी उड़ने वाली कार लेकर आ रहा है. चीन की इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी एक्सपेंग अगले साल यानी 2027 में अपने दो सीटों वाली इलेक्ट्रिक कार को पेश करने की तैयारी कर रही है. इसकी कीमत करीब 3 लाख डॉलर यानी लगभग 2.18 करोड़ रुपए होगी. कंपनी का कहना है कि शुरुआत में इसे चीन के ग्रामीण इलाकों में मनोरंजन और एडवेंचर के शौकीन लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा, फ्लाइंग कार का इस्तेमाल उन जगहों पर इमरजेंसी सर्विस के लिए भी किया जा सकेगा, जहां सड़क से पहुंचना मुश्किल होता है.

कंपनी के फ्लाइंग व्हीकल कारोबार के सीईओ डेली झाओ ने लिस्बन में आयोजित वेब समिट के दौरान यह जानकारी दी. उनके मुताबिक, कंपनी करीब 10 साल से इस कार को विकसित करने और इसकी टेस्टिंग में जुटी है. इसे चीन के सिविल एविएशन से सीमित इस्तेमाल की मंजूरी भी मिल चुकी है.

“All cars in the future will grow wings…” ​टेस्ला के बाद चीन ने बनाई उड़ने वाली कार, अगले साल शुरू हो सकता है सफर, इतनी होगी कीमत🚗

Deli Zhao of Xpeng shares a bold vision for the next decade of mobility on stage at #WebSummit. https://t.co/8Q1rF8lnfH

— Web Summit November 10, 2026

कार जैसी नहीं, बड़े ड्रोन जैसी है बनावट

नाम भले ही फ्लाइंग कार हो, लेकिन इसका डिजाइन आम कारों से काफी अलग है. इसमें सड़क पर चलने के लिए पहिए नहीं दिए गए हैं. इसके बजाय 6 इलेक्ट्रिक प्रोपेलर लगाए गए हैं, जो इसे हवा में ऊपर उठाते हैं. इस लिहाज से यह कार से ज्यादा एक बड़े पैसेंजर ड्रोन जैसा दिखाई देता है. इसमें दो लोगों के बैठने की जगह है. इसका केबिन छोटा है और साइज के मामले में Fiat 500 कार के केबिन जैसा बताया गया है. इसमें जॉयस्टिक की मदद से उड़ान को कंट्रोल किया जा सकता है. खास बात यह है कि इसे पहले से तय किए गए रास्ते पर बिना लगातार मैन्युअल कंट्रोल के भी उड़ाया जा सकता है.

कंपनी के CEO डेली झाओ का दावा है कि इसे उड़ाना बहुत मुश्किल नहीं होगा. उनका कहना है कि वह किसी आम आदमी को सिर्फ 5 मिनट में इसे उड़ाना सिखा सकते हैं. हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि आम लोगों को इसे उड़ाने के लिए किस तरह की ट्रेनिंग या लाइसेंस की जरूरत होगी.

3 लाख डॉलर में मिलेगा फ्लाइंग एयरक्राफ्ट और वैन

इस फ्लाइंग कार की कीमत करीब2.18 करोड़ रुपए रखी गई है. इस कीमत में सिर्फ उड़ने वाला विमान ही नहीं, बल्कि उसे ले जाने वाली छह पहियों वाली एक बड़ी वैन भी शामिल है. यह वैन आकार में Ford Transit जैसी होगी. इस वैन के पिछले हिस्से से फ्लाइंग एयरक्राफ्ट को बाहर निकाला जा सकता है. इसके बाद इसके हिस्से खुलकर उड़ान भरने की स्थिति में आ जाते हैं. कंपनी के सीईओ ने इसकी इस तकनीक की तुलना हॉलीवुड फिल्म ‘ट्रांसफॉर्मर्स’ में दिखने वाले वाहनों के बदलते रूप से की है.

एक बार में 30 किलोमीटर तक उड़ सकेगी

फिलहाल इस एयरक्राफ्ट की उड़ान क्षमता सीमित है. यह एक बार में करीब 30 किलोमीटर तक उड़ सकता है. इसकी यह मैक्सिमम 1 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंच सकता है. हालांकि, कंपनी भविष्य में इसकी उड़ान क्षमता दोगुनी करने की योजना बना रही है. इसके लिए बैटरी की ऊर्जा क्षमता बढ़ाकर 400 किलोवाटघंटे प्रति किलोग्राम करने पर काम किया जा रहा है. फिलहाल यह कंपनी का लक्ष्य है, इसे हासिल करने का प्रदर्शन अभी नहीं हुआ है.

चीन में तेजी से बढ़ रहा फ्लाइंग कार का बाजार

एक्सपेंग की यह योजना चीन की उस बड़ी रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत सरकार ‘लोएल्टीट्यूड इकोनॉमी’ को बढ़ावा दे रही है. इसमें कम ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन, हवाई माल ढुलाई और यात्रियों को ले जाने वाले छोटे विमानों जैसी सेवाएं शामिल हैं. चीन की योजना पहले इन तकनीकों का इस्तेमाल सामान पहुंचाने के लिए करने और फिर धीरेधीरे यात्रियों को हवाई सफर की सुविधा देने की है. माना जा रहा है कि इसकी शुरुआत ग्रामीण इलाकों से हो सकती है. बाद में इसे शहरों तक भी पहुंचाया जा सकता है. चीन में करीब 20 कंपनियां फ्लाइंग व्हीकल विकसित करने पर काम कर रही हैं. एक्सपेंग ने संयुक्त अरब अमीरात और दक्षिणपूर्व एशिया के कुछ देशों के साथ भी संभावित इस्तेमाल को लेकर समझौते किए हैं. कंपनी की नजर यूरोपीय बाजार पर भी है.

टेस्ला की फ्लाइंग कार से कितनी अलग

फ्लाइंग व्हीकल के बाजार में चीन और अमेरिका के बीच टक्कर बढ़ रही है. हाल ही में टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने एक ऐसे उड़ने वाले वाहन का कॉन्सेप्ट दिखाया था, जो हवा में ऊपर उठने और करतब दिखाने के लिए गैस के तेज दबाव का इस्तेमाल करता है. हालांकि, एक्सपेंग के सीईओ ने मस्क के इस प्रदर्शन को वास्तविक उड़ान के बजाय हवा में उछलने जैसा बताया. उनका कहना है कि एक्सपेंग का एयरक्राफ्ट लगातार हवाई सफर करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply