बीते 19 महीनों में दिल्ली एनसीआर में दूध की कीमतों में तीन बार इजाफा देखने को मिल चुका है. जिनमें से तीन बार मदर डेयरी ने और दो बार अमूल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है. मदर डेयरी ओर से की गई ताजा बढ़ोतरी 12 नवंबर से लागू हो जाएगी. वैसे अमूल की ओर से दूध की कीमतों किसी तरह की बढ़ोतरी का ऐलान नहीं हुआ है. जानकारों का कहना है कि मदर डेयरी के इजाफे के बाद दिल्ली—एनसीआर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

खास बात तो ये है कि दूध में भी फुल क्रीम मिल्क में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली है. साल 2025 में 1 रुपए, उसके बाद मई 2026 में 3 रुपए और अब इस बार 4 रुपए की बढ़ोतरी देखने को मिली है. इसका मतलब है कि फुल क्रीम दूध की कीमतों में 8 रुपए प्रति लीटर का इजाफा देखने को मिल चुका है.
इसका मतलब है कि इस कैटेगिरी के दूध के दाम में करीब 12 फीसदी का इजाफा देखने को मिल चुका है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की राजधानी और आसपास के इलाकों में दूध की कीमतों में किस तरह की बढ़ोतरी देखी गई. साथ ही मदर डेयरी और अमूल की ओर से कितना इजाफा किया गया.
अप्रैल 2025 में कितनी हुआ इजाफा
पहले बात मदर डेयरी की करें तो उस समय में दूध की कीमतों में 1 से 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. बल्क में बिकने वाले दूध की कीमत 54 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 56 रुपए प्रति लीटर कर दी गया था. फुलक्रीम दूध की कीमत तब 68 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 69 रुपए प्रति लीटर हो गई थी. गाय के दूध की कीमत 58 रुपए से बदलकर 60 रुपए प्रति लीटर कर दी गई थी. डबलटोन्ड दूध की कीमत 49 रुपए के बजाय 51 रुपए प्रति लीटर की गई थी.
वहीं दूसरी ओर साल 2025 को अमूल की ओर से दूध के दाम 1 मई से लागू किए थे. तब अमूल ने दूध के दाम में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. अमूल फुल क्रीम दूध की कीमत 65 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 67 रुपए प्रति लीटर कर दी गई थी. बल्क में बिकने वाले दूध की कीमत 53 रुपए से बढ़ाकर 55 रुपए प्रति लीटर कर दी गई थी.
मई 2026 कितना हुआ था इजाफा
अब बात साल 2026 की करते हैं. एक साल से भी ज्यादा समय के बाद अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में इजाफा किया था. 14 मई 2026 से दूध की कीमतों के नए रेट लागू हो गए थे. पहले बात मदर डेयरी की करें तो उसने दूध की कीमतों में 2 से 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की. मदर डेयरी के अनुसार टोंड दूध की कीमतें 56 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 58 रुपए प्रति लीटर कर दी गई थी.
फुल क्रीम दूध की कीमत में 3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया गया था और दाम 72 रुपए प्रति लीटर हो गए थे. टोंड दूध की कीमत 58 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 60 रुपए कर दी गई थी. जबकि डबलटोन्ड दूध की कीमत 54 रुपए प्रति लीटर हो गई थी. गाय के दूध की कीमतें 60 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 62 रुपए प्रति लीटर कर दी गई थी.
दूसरी ओर दिल्लीNCR और उत्तर प्रदेश में अमूल ने भी दूध की कीमतों में इजाफा कर दिया था. बदले हुई कीमतों के अनुसार 500 एमएल पैक के लिए ‘स्लिम N वेरिएंट’ की कीमत 27 रुपए, ताजा की कीमत 30 रुपए, गाय के दूध की कीमत 31 रुपए और गोल्ड की कीमत 36 रुपए कर दी गई थी. भैंस के दूध की कीमत में 4 रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया गया था और दाम बढ़कर 80 रुपए प्रति लीटर हो गए थे.
6 महीने फिर हुआ इजाफा
मदर डेयरी ने बढ़ती कॉस्ट के कारण दूध की कीमतों में दो से चार रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है. नई दरें बृहस्पतिवार यानी 12 नवंबर से लागू होंगी. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में टोंड दूध की कीमत 58 रुपए से बढ़ाकर 60 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है. फुल क्रीम दूध की कीमत अब 72 रुपए से बढ़कर 76 रुपए प्रति लीटर होगी. टोंड दूध की कीमत 60 रुपए से बढ़ाकर 62 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है. डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपए से बढ़कर 56 रुपए प्रति लीटर होगी. गाय के दूध की कीमत 62 रुपए से बढ़ाकर 65 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है.
फुल क्रीम दूध में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
अगर अमूल को छोड़ दिया जाए और सिर्फ मदर डेयरी की बात करें तो तीन बार में कंपनी ने सबसे ज्यादा इजाफा फुल क्रीम दूध में किया है. आंकड़ों को देखें तो अप्रैल 2025 में फुल क्रीम दूध की कीमत में 1 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की. उसके बाद मई 2026 में 3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया. इस बार 4 रुपए प्रति लीटर का इजाफा देखने को मिला है. इसका मतलब है कि फुल क्रीम दूध के दाम में करीब 12 फीसदी यानी 8 रुपए प्रति लीटर का इजाफा देखने को मिला है. अगर बात गाय के दूध की करें तो मदर डेयरी ने 7 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है.
महंगाई में हो सकता है इजाफा
केवल छह महीने में दूध की कीमतों में हुई इस वृद्धि से घरेलू बजट पर असर पड़ेगा और खाद्य महंगाई भी बढ़ सकती है. राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार, खाद्य महंगाई सितंबर में बढ़कर 7.74 प्रतिशत हो गई, जो पिछले महीने 5.97 प्रतिशत थी. सरकार के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, प्याज और अन्य खाद्य पदार्थों की ऊंची कीमतों के कारण खुदरा महंगाई सितंबर में तेजी से बढ़कर 5.54 प्रतिशत हो गई. उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित मुख्य महंगाई दर अगस्त में 4.83 प्रतिशत थी.
क्यों महंगा हुआ दूध
सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध की खरीद की कीमतें बढ़ गई हैं जिसके कारण कंपनी को लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है. मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली आय का 7580 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है. कंपनी दिल्लीएनसीआर बाजार में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है. कुल मिलाकर, कंपनी प्रतिदिन 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है. मदर डेयरी ने बेहतर मांग के दम पर पिछले वित्त वर्ष में अपना कारोबार 17 प्रतिशत बढ़ाकर 20,300 करोड़ रुपए कर लिया था. कंपनी के दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में वृद्धि हुई थी. वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है.
नंदिनी भी बढ़ाए थे दाम
दीपावली के ठीक पहले, नवंबर महीने की शुरुआत में कर्नाटक कैबिनेट ने कर्नाटक मिल्क फेडरेशन के ‘नंदिनी’ दूध की बिक्री कीमत में 8 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी. यह नई दरें 1 नवंबर से लागू हुई थीं. नीले पैकेट में बिकने वाले सामान्य ‘टोन्ड’ दूध की कीमत 46 रुपए से बढ़कर 54 रुपए हो गई. इस बढ़ोतरी में से 7 रुपए दूध उत्पादक किसानों को मिलेंगे, जबकि बाकी 1 रुपए का इस्तेमाल दुग्ध सहकारी समितियां अपने खर्चों को पूरा करने के लिए करेंगी. कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए, संसदीय कार्य मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया था कि यह कदम उन किसानों की मदद के लिए उठाया गया है जो सूखे के कारण पैदा हुए कृषि संकट से जूझ रहे हैं. उन्होंने बताया कि किसानों ने 10 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन कैबिनेट ने इसे 8 रुपए प्रति लीटर तय करने का फैसला किया.



