IndiaUttar Pradesh

​यूपी चुनाव से पहले सपा में बीजेपी की सेंधमारी, राम प्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद ने थामा कमल

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने समाजवादी पार्टी के खेमे में सेंधमारी की है. बस्ती से समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद और वरिष्ठ कुर्मी नेता राम प्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद चौधरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. अरविंद चौधरी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की. उनके साथ बांदा के सपा नेता अनिल यादव ने भी अपने समर्थकों के साथ बीजेपी की सदस्यता ली.

​यूपी चुनाव से पहले सपा में बीजेपी की सेंधमारी, राम प्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद ने थामा कमल

लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में दोनों नेताओं को पार्टी में शामिल कराया गया.

कुर्मी वोट बैंक पर बीजेपी की नजर

अरविंद चौधरी की बीजेपी में एंट्री को केवल एक राजनीतिक दलबदल के तौर पर नहीं देखा जा रहा है. इसके पीछे पूर्वांचल की कुर्मी राजनीति और 2027 के चुनाव का जातीय समीकरण भी अहम माना जा रहा है. बस्ती और आसपास के जिलों में कुर्मी समाज का राजनीतिक प्रभाव रहा है. राम प्रसाद चौधरी इस समाज के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में गिने जाते हैं. ऐसे में उनके परिवार से जुड़े अरविंद चौधरी का बीजेपी में शामिल होना सपा के लिए राजनीतिक संदेश माना जा रहा है.

बीजेपी लगातार यूपी में अपने सामाजिक और जातीय समीकरण को मजबूत करने में जुटी है. खासकर कुर्मी वोट बैंक को लेकर पार्टी की रणनीति महत्वपूर्ण है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी खुद कुर्मी समाज से आते हैं. ऐसे में अरविंद चौधरी की एंट्री को कुर्मी समाज के बीच बीजेपी की पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है.

सपा के लिए क्यों अहम है यह झटका?

समाजवादी पार्टी की PDA रणनीति में पिछड़े वर्गों की लामबंदी महत्वपूर्ण है. कुर्मी समाज सपा के प्रमुख सामाजिक आधारों में शामिल रहा है. राम प्रसाद चौधरी जैसे नेताओं की राजनीतिक पकड़ ने बस्ती और आसपास के इलाकों में सपा को मजबूती दी है. ऐसे में उनके भतीजे का बीजेपी में जाना सपा के लिए असहज करने वाला घटनाक्रम है.

पंकज चौधरी ने किया स्वागत, विकसित भारत का बताया संकल्प

सदस्यता कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी विचारधारा आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता सर्वोपरि है. पार्टी में शामिल हुए दोनों नेताओं और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों का उल्लेख करते हुए 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को दोहराया.

2027 से पहले दलबदल की सियासत तेज

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सामाजिक समीकरणों को साधने की कवायद तेज हो गई है. एक तरफ अखिलेश यादव PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ बीजेपी विपक्षी खेमे के नेताओं को अपने पाले में लाकर संगठन और जातीय समीकरण मजबूत करने में जुटी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply