CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

रामपुर हत्याकांड​​ के बाद सोशल मीडिया पर किसने किया बड़ा दावा? दूसरी हत्याओं की चेतावनी से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

रामपुर हत्याकांड​​ के बाद सोशल मीडिया पर किसने किया बड़ा दावा? दूसरी हत्याओं की चेतावनी से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

रामपुर, उत्तर प्रदेश: सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर वर्ष 2007 में हुए आतंकी हमले के मामले में आरोपित रहे मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। राहुल सिंह नाम के एक युवक के एक्स अकाउंट से किए गए पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में इसे सीआरपीएफ के सात जवानों की मौत का बदला बताया गया है। साथ ही मामले के अन्य आरोपितों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।

मोहम्मद शरीफ की मंगलवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात खजुरिया थाना क्षेत्र से करीब एक किलोमीटर दूर हुई थी। वह बदनपुरी गांव का रहने वाला था। घटना के समय वह अपने बेटे वाहिद के साथ थाने में हाजिरी लगाकर घर लौट रहा था।

2007 के मामले में हुई थी गिरफ्तारी, बाद में हाई कोर्ट से मिला था छुटकारा

मोहम्मद शरीफ को वर्ष 2007 में रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस प्रकरण में उसे पांच अन्य लोगों के साथ सजा सुनाई गई थी। हालांकि, करीब एक साल पहले हाई कोर्ट ने उन्हें मामले से बरी कर दिया था। इसके बाद से वह अपने गांव में परिवार के साथ रह रहा था।

एक्स पोस्ट में लिखी गई दूसरी कार्रवाई की चेतावनी

हत्या के बाद बुधवार को राहुल सिंह नाम के युवक के एक्स अकाउंट से एक पोस्ट साझा की गई। इसमें मोहम्मद शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया और इसे सात सीआरपीएफ जवानों की मौत का बदला बताया गया।

पोस्ट में दावा किया गया कि अदालत से न्याय नहीं मिला, इसलिए खुद इंसाफ किया गया। इसके साथ ही वर्ष 2007 के आतंकी हमले के मामले में शामिल रहे अन्य लोगों को भी चेतावनी दी गई कि जल्द ही उनकी बारी आ सकती है।

इस पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पोस्ट करने वाला व्यक्ति वास्तव में हत्या की वारदात में शामिल है या नहीं।

पुलिस कर रही पोस्ट की जांच

एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट साझा किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट किसने और कहां से की है। पोस्ट की सत्यता और हत्या से उसके संभावित संबंध की जांच की जा रही है।

उधर, मोहम्मद शरीफ की हत्या करने वाले बदमाशों की तलाश भी जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Satya Report Disclaimer: सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हत्या में पोस्ट करने वाले व्यक्ति की भूमिका भी अभी जांच का विषय है। मामले से जुड़े तथ्यों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply