CrimeIndia

CG News : गांजा तस्करी में पुलिसकर्मी शामिल, दो आरोपी गिरफ्तार, आरक्षक फरार

महासमुंद। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में एक पुलिस आरक्षक का नाम सामने आने से हड़कंप मच गया है। सांकरा पुलिस ने इस मामले में एक आरक्षक सहित तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि आरोपी आरक्षक फरार बताया जा रहा है। इसकी पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है।

मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले के जगदलपुर निवासी टीटू उर्फ सोलन दास (38) को एक स्कूटी के साथ पकड़ा। उसके पास से पीले रंग के कैरी बैग में करीब 4.87 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि एक मार्च को बसना थाना में पदस्थ आरक्षक पीयूष शर्मा और अखराभांठा निवासी धर्मेंद्र सोनी ने उसे करीब 18 किलोग्राम गांजा लाकर दिया था। इसके आधार पर सांकरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आरक्षक पीयूष शर्मा फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 18 किलो 47 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 9 लाख रुपए), एक बिना नंबर की स्कूटी (कीमत करीब 80 हजार रुपए), आरक्षक पीयूष शर्मा की बुलेट (कीमत लगभग 1 लाख रुपए) तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है।

पहले भी सामने आ चुका है मामला

गौरतलब है कि करीब दो माह पहले भी रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक चंद्रशेखर साहू को शिवरीनारायण पुलिस ने 15.700 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में एसपी ने 6 फरवरी को आरक्षक को बर्खास्त कर दिया था। लगातार पुलिसकर्मियों के नाम गांजा तस्करी के मामलों में सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं और इससे पुलिस विभाग की छवि पर भी असर पड़ रहा है। फिलहाल पुलिस फरार आरक्षक की तलाश में जुटी हुई है

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply