India

Iran Israel conflict impact flights : वेस्टइंडीज टीम अब भी कोलकाता में फंसी, न्यूजीलैंड रवाना हो सकते हैं दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी

Iran Israel conflict impact flights : कोलकाता। आईसीसी टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज के खिलाड़ी लगातार पांचवें दिन भी कोलकाता में फंसे हुए हैं क्योंकि अमेरिका और इजराइल के ईरान पर किए गए हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में लगे प्रतिबंधों के कारण उनकी यात्रा योजना में रूकावट बरकरार है। हालांकि वेस्टइंडीज टीम को भेजने के लिए एक विशेष विमान की व्यवस्था कर दी गई है लेकिन स्थानीय सूत्रों के अनुसार ‘एयर ट्रैफिक’ की अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमों की रवानगी की जानकारी का अभी इंतजार है। ’’ अधिकारी ने हालांकि बताया कि दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी आगामी द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए शुक्रवार रात न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी आज रात न्यूजीलैंड जा सकते हैं लेकिन औपचारिक जानकारी का इंतजार है। वेस्टइंडीज की टीम भारत से पांच विकेट से हारने के बाद टी20 विश्व कप से बाहर हो गई थी। दक्षिण अफ्रीका का अभियान भी बुधवार को पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हार के साथ समाप्त हो गया। दक्षिण अफ्रीका टीम को 15 मार्च से न्यूजीलैंड में उसके खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दक्षिण अफ्रीका की बाकी टीम कोलकाता से कब रवाना होगी। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की थी कि टीम को घर वापस भेजने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जा रही है क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण टीम चार दिन से ज्यादा समय से शहर में फंसी हुई है। उसने अपने बयान में कहा, ‘‘उच्च स्तरीय बैठक में यह पुष्टि हुई कि टीम को भारत से रवाना करने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जा रही है और अगले 24 घंटों के भीतर उड़ान की उम्मीद है। इस बैठक में क्रिकेट वेस्टइंडीज, आईसीसी के अधिकारी, टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों के प्रतिनिधि शामिल थे ’’ उन्होंने यह भी कहा कि उड़ान का समय एयर ट्रैफिक की मंजूरी पर निर्भर करेगा। इसमें कहा गया, ‘‘टीम सुरक्षित है और सभी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। ’’

इस घटनाक्रम से कुछ घंटे पहले वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया पर देरी को लेकर नाराजगी जताते हुए लिखा था कि वह ‘‘बस घर जाना चाहते हैं। ’’ बाद में उन्होंने अपडेट मिलने पर लिखा, ‘‘अपडेट मिल गया। वेस्टइंडीज को बस यही चाहिए था। ’’ ऐसा भी संभव है कि वेस्टइंडीज के कुछ खिलाड़ी भारत में ही रुकेंगे ताकि वे अपनी-अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़ सकें। आईपीएल इस महीने के अंत में शुरू होने वाला है। रोवमैन पॉवेल कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं जिसका शिविर 18 मार्च से शुरू होगा। शेरफेन रदरफोर्ड मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं। शिमरोन हेटमायर राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं। रोमारियो शेफर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ हैं और टीम की ट्रेनिंग 15 मार्च से शुरू होने की उम्मीद है। इसी कारण भारत में फंसे हुए जिम्बाब्वे के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा इथियोपिया के अदीस अबाबा के रास्ते वैकल्पिक यात्रा मार्ग की व्यवस्था के बाद समूहों में घर लौटना शुरू कर चुके हैं।

The post Iran Israel conflict impact flights : वेस्टइंडीज टीम अब भी कोलकाता में फंसी, न्यूजीलैंड रवाना हो सकते हैं दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी appeared first on Jago India Jago.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply